GR मेडीकल कॉलेज ग्वालियर को बड़ी सौगात: NMC ने बढ़ाईं पीजी की 32 सीटें, अब 227 सीटों पर होंगे दाखिले

ग्वालियर, 6 नवंबर 2026। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय में पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) ने महाविद्यालय के विभिन्न विभागों में पीजी की 32 सीटें बढ़ाने का आदेश जारी किया है। इसके साथ ही जीआरएमसी में पीजी सीटों की संख्या 195 से बढ़कर 227 हो गई है। एनएमसी सचिव डॉ. राघव लंगर द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किया गया है।

सीटों में हुई इस वृद्धि से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थियों को अधिक अवसर मिलेंगे। साथ ही महाविद्यालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जीआरएमसी के अधिष्ठाता डॉ. आरकेएस धाकड़ ने बताया कि महाविद्यालय में पीजी की 32 सीटें बढ़ी हैं, जिससे कुल संख्या 195 से बढ़कर 227 हो गई है। हमारा लक्ष्य पीजी सीटों की संख्या 300 तक पहुंचाना है। इसके साथ ही कुछ नए पाठ्यक्रम शुरू करने की भी तैयारी की जा रही है, ताकि ग्वालियर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को ऐसे विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध हो सकें, जिनके इलाज के लिए वर्तमान में उन्हें शहर से बाहर जाना पड़ता है। उन्होंने सीटों में वृद्धि के लिए पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई है और आने वाले समय में चिकित्सा शिक्षा व विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।

इन विभागों में बढ़ीं पीजी की सीटें

एनएमसी के आदेश के अनुसार एनाटॉमी विभाग में 2, फिजियोलॉजी में 2, फार्माकोलॉजी में 5, पैथोलॉजी में 6, माइक्रोबायोलॉजी में 2, मेडिसिन में 4, सर्जरी में 4, गायनिक में 4, ऑर्थोपेडिक्स में 2 और रेडियोलॉजी में 1 सीट की वृद्धि की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *