ग्वालियर/डबरा27अप्रैल2026। डबरा सिटी पुलिस ने टमटम और ऑटो में सफर करने वाली सवारियों को निशाना बनाने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के कुल 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 9 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। यह गिरोह ग्वालियर सहित कई अन्य शहरों में सक्रिय था।
दो महिला सदस्यों से शुरू हुई गिरोह की कड़ी पुलिस ने इस कार्रवाई की शुरुआत 26 अप्रैल को की थी, जब शांति देवी और पूनम आदिवासी नामक दो महिलाओं को चोरी के सामान के साथ पकड़ा गया था। इनसे पूछताछ और मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने सोमवार को पुराने गाड़ी अड्डा (रामगढ़) क्षेत्र में दबिश दी। यहाँ से पुलिस ने गिरोह के अन्य 9 सदस्यों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
सवारी बनकर देते थे वारदात को अंजाम गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे एक संगठित तरीके से काम करते थे। गिरोह के सदस्य अलग-अलग शहरों में जाकर भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़े हो जाते थे। जैसे ही कोई महिला कीमती सामान या बैग लेकर टैक्सी, ऑटो या टमटम में बैठती, गिरोह के सदस्य भी सवारी बनकर उसमें सवार हो जाते थे। मौका मिलते ही वे बड़ी सफाई से जेवर और नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी: पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों में बकीला उर्फ सोनू आदिवासी, ललित आदिवासी, गुड्डू सिंह आदिवासी, मंजू आदिवासी, ऊषा आदिवासी, कमलेश (पत्नी बकीला), कमलेश (पत्नी अनिल), पिंकी आदिवासी और गुड्डी जाटव शामिल हैं। ये आरोपी मूल रूप से मुरैना, श्योपुर, आगरा, दिल्ली, भरतपुर और इटावा के निवासी हैं, जो वर्तमान में बामोर (मुरैना) में डेरा डाले हुए थे।
रिमांड पर लिए गए आरोपी पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 29 अप्रैल तक का पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। रिमांड के दौरान पुलिस अन्य शहरों में हुई चोरी की वारदातों और चोरी किए गए मशरूका (माल) की बरामदगी के संबंध में पूछताछ करेगी।
पुलिस टीम की सफलता: इस बड़ी कार्रवाई में थाना प्रभारी डबरा सिटी संजय शर्मा, उप निरीक्षक राजकुमार, प्रधान आरक्षक शिवशांत पाण्डेय, शैलेंद्र दीक्षित, जितेंद्र रिछारिया, आरक्षक विनोद रावत और महिला आरक्षक संगीता जाटव की सराहनीय भूमिका रही।





