दतिया उपचुनाव: राजपरिवार ने खोला मोर्चा, राजमाता हेमलता और महाराज गोविंद जू देव ने कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह पर लगाए गंभीर आरोप

दतिया28जुलाई2026 दतिया विधानसभा उपचुनाव के निर्णायक मोड़ पर राजपरिवार की राजमाता हेमलता और महाराज गोविंद राहुल देव (गोविंद जू देव) ने मंगलवार को एक संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। राजपरिवार ने दतिया की जनता से भावुक अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल एक सीट की हार-जीत का नहीं, बल्कि दतिया की ऐतिहासिक प्रतिष्ठा, गौरव और राजपरंपराओं के सम्मान की रक्षा का चुनाव है।

घनश्याम सिंह ने राजपरिवार की मर्यादाओं को तार-तार किया

पत्रकार वार्ता के दौरान राजपरिवार के सदस्यों ने कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए खुलासा किया कि उन्होंने राजपरिवार की मर्यादाओं का उल्लंघन कर मान-सम्मान को कलंकित किया है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने ही परिवार और राजमाता का सम्मान नहीं कर सका, वह दतिया की जनता और क्षेत्र की मर्यादा की रक्षा कैसे कर सकेगा।

4 नवंबर 2020 का दिन दतिया के इतिहास का काला दिन: राजमाता हेमलता

राजमाता हेमलता ने 4 नवंबर 2020 की घटना का जिक्र करते हुए इसे दतिया साम्राज्य के इतिहास का काला दिन बताया। उन्होंने कहा कि घनश्याम सिंह ने षड्यंत्रपूर्वक उन्हें और पृथ्वीराज को संपत्ति से बेदखल करने का प्रयास किया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया।

राजमाता ने बताया कि संकट की इस घड़ी में महाराज गोविंद राहुल देव ने एक सच्चे राजा का धर्म निभाते हुए राजपरिवार की रक्षा की। उन्होंने कहा कि कलयुग में व्यक्ति अपने कर्मों से पहचाना जाता है और दतिया की जनता को विचार करना चाहिए कि ऐसे आचरण वाला व्यक्ति उनका नैतिक प्रतिनिधि कैसे हो सकता है।

परंपराओं का अनादर करना अक्षम्य: महाराज गोविंद राहुल देव

महाराज गोविंद राहुल देव ने कहा कि उनके राज्याभिषेक के समय दतिया साम्राज्य की सदियों पुरानी परंपराओं का बहिष्कार करना और अभद्र भाषा का प्रयोग करना एक घोर पाप है। उन्होंने कहा कि संपत्ति विवाद और षड्यंत्रों के पुख्ता दस्तावेज आज भी मौजूद हैं, जो घनश्याम सिंह की वास्तविकता को उजागर करते हैं।

राजपरिवार ने दतिया की देवतुल्य जनता से एकजुट होकर दतिया के गौरव, सम्मान और परंपराओं के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *