आलोचना आसान, शहर संवारना कठिन: ढाई महीने के कार्यकाल में निगमायुक्त अभिषेक चौधरी ने दी सफाई अभियान को नई रफ्तार, अब नागरिकों की बारी…इटालियन प्लांट और डोर-टू-डोर कलेक्शन की ताकत से मध्य प्रदेश में सिरमौर बना ग्वालियर

(जितेंद्र पाठक, ग्वालियर)

ग्वालियर। 16 नवंबर 2026 –स्वच्छ सर्वेक्षण में मध्य प्रदेश के “सबसे स्वच्छ शहर” का प्रतिष्ठित खिताब हासिल कर ग्वालियर ने न केवल राष्ट्रीय पटल पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है, बल्कि वर्षों के सूखे को भी खत्म किया है। राष्ट्रपति के हाथों यह सर्वोच्च प्रदेश स्तरीय सम्मान प्राप्त करना पूरे शहर के लिए अविस्मरणीय गौरव का विषय है। हालांकि, इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बीच सोशल मीडिया पर शहर के कुछ हिस्सों की धूल, विकास कार्यों के चलते खुदी सड़कों और छिटपुट कचरे की तस्वीरें साझा कर नगर निगम का मखौल उड़ाने और मीम्स बनाने का एक नकारात्मक दौर भी चल पड़ा है। लेकिन, सिक्के का दूसरा और सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि शहर की स्वच्छता कोई एक दिन का जादू नहीं, बल्कि एक जटिल और निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। इस उपलब्धि के पीछे नगर निगम के आला अधिकारियों की दिन-रात की मेहनत, करोड़ों के नवाचार, अत्याधुनिक तकनीक और जमीनी स्तर पर अमूलचूल बदले गए सिस्टम की एक ठोस बुनियाद है—जिसे स्थायी बनाने और बरकरार रखने के लिए अब शहर के आम नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से समझनी होगी।

कमिश्नर चौधरी और अपर आयुक्त राव के ‘सिनर्जी’ से काम को मिली नई गति

शहर को इस मुकाम तक पहुंचाने में वर्तमान टीम का नेतृत्व महत्वपूर्ण रहा है। 2018 बैच के आईएएस अधिकारी, निगमायुक्त अभिषेक चौधरी को कमान संभाले हुए अभी महज ढाई से तीन महीने का ही समय हुआ है। इतने कम समय में, उन्होंने शहर की पूरी सफाई व्यवस्था और कचरा निपटान की पूरी चेन को दोगुना रफ्तार देने पर पूरा फोकस किया है। उनके विजन को जमीनी धरातल पर उतारने में अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने, जिनके जिम्मे शहर की संपूर्ण साफ-सफाई व्यवस्था का सीधा प्रभार है, एक कुशल रणनीतिकार की भूमिका निभाई है। अभिषेक चौधरी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप, अपर आयुक्त प्रतीक राव ने डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को शत-प्रतिशत प्रभावी बनाने के लिए सख्त मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया। न केवल कचरा उठाने वाले टिपर वाहनों की संख्या बढ़ाई गई, बल्कि कचरा निपटान की प्रक्रिया को गति देने के लिए उनके फेरों में भी इजाफा किया गया। इन अधिकारियों के बीच के ‘सिनर्जी’ (तालमेल) ने सुनिश्चित किया कि रणनीतिक फैसले त्वरित गति से लागू हों।

केदारपुर और लाल टिपारा: नवाचार और तकनीक से बदली कचरे की किस्मत

ग्वालियर को प्रदेश में नंबर-1 बनाने में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) के क्षेत्र में किए गए अभूतपूर्व नवाचारों की सबसे बड़ी भूमिका रही है, जिसे अब राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जा रहा है:

  • इटालियन तकनीक से वर्षों पुराने ‘विरासत कचरे’ का अंत: केदारपुर लैंडफिल साइट पर वर्षों से जमा करीब 13 लाख टन पुराने ‘लिगेसी वेस्ट’ (विरासत कचरे) के पहाड़ को वैज्ञानिक रूप से खत्म करने के लिए नगर निगम ने हाईटेक इटालियन बायो-माइनिंग मशीनें स्थापित की हैं। अक्टूबर से शुरू हुई यह अत्याधुनिक व्यवस्था प्रतिदिन 1200 टन (600 टन पुराना और 600 टन रोज निकलने वाला नया कचरा) कचरे को प्रोसेस कर रही है। इससे सूखे कचरे की प्रभावी रीसाइक्लिंग और गीले कचरे से उच्च गुणवत्ता वाली जैविक खाद तैयार हो रही है, जिससे पर्यावरण को बड़ा लाभ मिल रहा है।
  • लाल टिपारा: ‘कचरे से कमाई’ का आत्मनिर्भर मॉडल: लाल टिपारा में संचालित 100 टन प्रतिदिन क्षमता वाले कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट ने कचरे को एक संसाधन बना दिया है। इस प्लांट से नगर निगम को हर महीने लगभग 25 लाख रुपये की शुद्ध आय हो रही है। इस मॉडल की सफलता को देखते हुए, 350 टन प्रतिदिन क्षमता का एक नया सेटअप भी तैयार किया गया है। इसके अलावा, निर्माण एवं विध्वंस (C&D) वेस्ट के पुनर्चक्रण और सड़क निर्माण में उपयोग के लिए विशेष प्लांट भी कार्यरत हैं।

पूर्व आयुक्त संघप्रिय की मजबूत नींव की सराहना

दिल्ली के भव्य समारोह में वर्तमान निगमायुक्त अभिषेक चौधरी और अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव के साथ पूर्व निगमायुक्त संघप्रिय भी यह सम्मान ग्रहण करने पहुंचे। यह उनकी मेहनत का भी एक प्रमाण था। करीब डेढ़ साल के अपने सफल कार्यकाल के दौरान, पूर्व आयुक्त संघप्रिय ने शहर की सफाई व्यवस्था की नींव मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। करीब 10 साल बाद सीवर सफाई को निजी ठेकेदारी प्रथा से निकालकर नगर निगम के अधीन लाना, सफाई मित्रों का सम्मान और स्वच्छता सर्वेक्षण की जटिल कार्ययोजना को धरातल पर उतारना उनके कार्यकाल के कुछ महत्वपूर्ण और दूरगामी कदम रहे, जिनकी बदौलत ग्वालियर आज इस शिखर पर पहुंचा है।

आलोचना आसान, पर नागरिक जिम्मेदारी निभाना ही वास्तविक देशभक्ति

शहर में अमृत योजना, स्मार्ट सिटी और अन्य बड़े विकास कार्यों के चलते कई प्रमुख सड़कों पर खुदाई, धूल और निर्माण सामग्री की समस्या से इनकार नहीं किया जा सकता, जिससे नागरिकों को असुविधा हो रही है। लेकिन, इस अस्थायी असुविधा के आधार पर पूरे शहर के स्वच्छता तंत्र और दिन-रात काम कर रहे हजारों सफाई मित्रों की मेहनत को खारिज करना उचित नहीं है। सोशल मीडिया पर बैठकर बुराई करना या मीम्स बनाना बेहद आसान है, लेकिन असली नागरिक जिम्मेदारी यह है कि हम अपने घर का कचरा सड़क पर न फेंकें, गीला और सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में दें, टिपर वाहन को ही कचरा दें और सार्वजनिक स्थानों को गंदा न करें। जब नगर निगम की अत्याधुनिक मशीनें, अधिकारियों की टीम, सफाई मित्रों की मेहनत और आम नागरिकों का सक्रिय सहयोग एक साथ जुड़ेंगे, तभी ग्वालियर प्रदेश के बाद अब पूरे देश में नंबर-1 का गौरवशाली मुकाम हासिल कर पाएगा। सफाई एक सतत प्रक्रिया है, और इसकी सफलता हर एक नागरिक के योगदान पर निर्भर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *