ग्वालियर, 20 नवंबर 2025।नगर निगम ग्वालियर द्वारा शहर में सुगम और बाधारहित यातायात सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रमुख क्षेत्रों में लगातार स्थाई एवं अस्थाई अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जा रही है। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देशन में, आज निगम के मदाखलत अमले ने दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाया।
मदाखलत निरीक्षक विशाल सिंह ने बताया कि कार्यवाही महाराज बाड़ा क्षेत्र को केंद्रित करते हुए दानाओली से आवतराम, अनेजा मॉल होते हुए महाराज बाड़ा गांधी मार्केट तक की गई। इसके साथ ही गोविंदपुरी क्षेत्र सहित अन्य मार्केट्स में भी अस्थाई कब्जों को हटाया गया। अमले ने फुटपाथियों को हटाकर उनका सामान जब्त किया और उक्त मार्केट्स के मुख्य रास्तों को यातायात के लिए क्लियर कराया।

इस दौरान, समस्त फुटपाथ संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे मुख्य रास्तों पर फड़ आदि न लगाएं। निगम ने चेतावनी दी है कि उल्लंघन करने पर सामान जब्त करने के साथ जुर्माने की कार्यवाही भी की जाएगी। इस कार्यवाही में मदाखलत निरीक्षक विशाल सिंह और लव झा सहित दक्षिण विधानसभा का अमला उपस्थित रहा।





