ग्वालियर 12 सितंबर 2024। जयारोग्य चिकित्सालय समूह में गुरुवार को डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ एवं अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना की अध्यक्षता में परामर्शदात्री की बैठक आयोजित की गई। जिसमें विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने अपनी मांगे रखीं। जिस पर अधिकारियों ने नियमानुसार निराकरण करने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर कर्मचारी नेताओं ने कहा कि शासन के नियमानुसार हर तीन महीने में संयुक्त परामर्शदात्री की बैठक कराई जाए ताकि विभागीय स्तर पर अधिकारियों व कर्मचारियों की समस्या का निराकरण हो सके। कर्मचारियों की डीपीसी शीघ्र की जाए। पदों का प्रभार वरिष्ठता के आधार पर दिया जाए, जिसमें आरक्षण रोस्टर का भी पालन हो। कर्मचारियों के लिए नए आवास बनाने प्रस्ताव लाया जाए। कर्मचारियों की अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों पर शीघ्र कार्रवाई कर अनुकंपा नियुक्ति दी जाए। निशक्तजन कर्मचारियों के लिए आवास आवंटन में प्राथमिकता दी जाए। महाविद्यालय एवं जयारोग्य चिकित्सालय में पदस्थ चतुर्थ एवं तृतीय श्रेणी कर्मचारियों को ठंडी या गर्मी वर्दी दी जाये। कर्मचारियों को वर्षों से पदोन्नति का लाभ नहीं मिल पा रहा है, लिहाजा पदोन्नति हेतु अन्य पदों का सृजन किया जाए। वहीं कर्मचारी समयमान लंबित प्रकरण को शीघ्र निराकृत किया जाए।
बैठक में कमल किशोर पाठक ,राकेश सिंह जिलाध्यक्ष म प्र तृतीय वर्ग शास. कर्मचारी संघ ग्वालियर, आलोक मिश्रा संभागीय अध्यक्ष मप्र कर्मचारी कॉग्रेस ग्वालियर, लक्ष्मीकान्त दीक्षित जिलाध्यक्ष मप्र कर्मचारी कॉग्रेस ग्वालियर,मनोज शिन्दे, अनिल उपाध्याय, सी आर केवट, चेतन यादव , विजय उपाध्याय , डॉ नवीन दुबे राज्य अधिकारी संघ ग्वालियर , योगेन्द्र परमार स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ग्वालियर ,मुरारी लाल शर्मा प्रांतीय महामंत्री, संजीव शर्मा म प्र राज्य कर्मचारी संघ ग्वालियर जिलाध्यक्ष , अजाक्स से श्री अतर सिंह जाटव , कामता प्रसाद मौर्य आदि संगठनो के पदाधिकारी उपस्थित थे