ग्वालियर, 22 अक्टूबर 2025।मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी आदर्श गौ-शाला लाल टिपारा में बुधवार को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए भव्य गोवर्धन पूजा एवं गौ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गौशाला परिसर में 108 टन गोबर से निर्मित गोवर्धन पर्वत और उस पर प्राकृतिक रंगों से सजी भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया गया। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मुख्य अतिथि के रूप में पूजन किया और कहा कि गोवर्धन पूजा एवं गौ पूजन समूचे विश्व को प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन संरक्षण का संदेश देता है।
गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंद्रापुरकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और लगभग 2000 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए।
108 टन गोबर से निर्मित गोवर्धन पर्वत का पूजन
विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने इस अवसर पर कहा कि हमारी संस्कृति में त्योहारों का विशेष महत्व है, जो प्रकृति के प्रति आदर भाव को दर्शाते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल की सराहना की, जिसके कारण पूरे प्रदेश में गौ-पूजन व गोवर्धन पूजा हर्षोल्लास के साथ की जा रही है। पूजन के बाद सभी अतिथियों ने आरती उतारी और ग्वालियर सहित प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। भगवान गोवर्धन को 56 भोग अर्पित किए गए, साथ ही गौमाता को भी प्रसादी खिलाई गई।
जीरो वेस्ट इवेंट और श्रीअन्न का महत्व
स्वच्छ भारत अभियान के तहत इस पूरे आयोजन को जीरो वेस्ट इवेंट के आधार पर आयोजित किया गया। गौशाला में आए श्रद्धालुओं ने स्टील की थाली एवं गिलास में भोजन ग्रहण किया, जिससे पूरे आयोजन के दौरान कचरा बिल्कुल नहीं फैला। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप भंडारे में आए भक्तों को बाजरे की खीर परोसी गई, जो आकर्षण का केंद्र रही। श्रद्धालुओं को ‘श्रीअन्न’ (मोटे अनाज) का महत्व भी समझाया गया।
आरएसएस के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंद्रापुरकर ने कहा कि भारतीय पर्वों में समाज को संगठित करने और बुराइयों का नाश करने का संदेश छुपा होता है। संत ऋषभ देवानंद ने बताया कि लाल टिपारा गौशाला एक संस्कारशाला के रूप में भी काम कर रही है और पांच विश्वविद्यालयों ने गौ संरक्षण के संबंध में गौशाला से अनुबंध किया है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बंधा समां
जिला स्तरीय इस कार्यक्रम में आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। सागर से आए बुंदेलखंडी लोक कलाकारों के समूह ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर संगीतमय लोक नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं स्थानीय कला समूह के कलाकारों ने “वन मित्र” नृत्य प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने भी बुधवार को लाल टिपारा पहुँचकर गौपूजन एवं गोवर्धन पूजा की और सभी को पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संभाग आयुक्त मनोज खत्री, कलेक्टर रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।