नीट परीक्षा की तैयारियों का कलेक्टर एवं एसएसपी ने लिया संयुक्त जायजा: 21 जून को ग्वालियर के 25 परीक्षा केन्द्रों पर होगी परीक्षा

ग्वालियर18जून2026। ग्वालियर में 21 जून को होने जा रही नीट (NEET) परीक्षा की सभी तैयारियाँ जिला प्रशासन द्वारा लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने गुरुवार को संयुक्त रूप से शहर में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर उनके साथ संयुक्त कलेक्टर एवं नीट परीक्षा के जिला नोडल अधिकारी विनोद सिंह भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

सभी केंद्रों पर एनटीए की गाइडलाइंस का पालन करने के निर्देश

संयुक्त निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, सिटिंग अरेंजमेंट तथा अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश सहित सभी आवश्यक बुनियादी व्यवस्थाओं का बारीक अवलोकन किया। उन्होंने केन्द्राध्यक्षों एवं संबंधित पर्यवेक्षकों को कड़े निर्देश दिए कि परीक्षा का आयोजन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता, शुचिता और गोपनीयता के साथ कराया जाए।

अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा जांच का रखा जाएगा विशेष ध्यान

कलेक्टर रुचिका चौहान ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में आवश्यक अमला और नोडल अधिकारी तैनात रहें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो और यदि कोई समस्या आती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केन्द्र पर प्रवेश दिलाने, पहचान सत्यापन, सुरक्षा जांच एवं अन्य सभी व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे परीक्षार्थियों को भीषण गर्मी के मौसम में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

कड़े पुलिस पहरे के बीच यातायात प्रबंधन भी होगा प्रभावी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुदृढ़ सुरक्षा घेरा तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही परीक्षा केन्द्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यातायात प्रबंधन भी प्रभावी ढंग से किया जाएगा, ताकि परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में जाम का सामना न करना पड़े।

सरकारी वाहनों में कड़ी सुरक्षा और वीडियो रिकॉर्डिंग के बीच पहुंचेंगे प्रश्न-पत्र

उल्लेखनीय है कि 21 जून को ग्वालियर के कुल 25 परीक्षा केन्द्रों पर नीट-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस बार सुरक्षा को लेकर प्रशासन बेहद गंभीर है। परीक्षा के दिन सरकारी वाहनों में बैंक से संबंधित परीक्षा केन्द्र तक प्रश्न पत्र के बॉक्स बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच ले जाए जायेंगे। इन सरकारी वाहनों में सीआरपीएफ (CRPF) व स्थानीय पुलिस बल के साथ केंद्र के सीएस व अन्य संबंधित जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहेंगे। इस पूरी परिवहन प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रश्न-पत्र बॉक्स ले जाने की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जायेगी।

इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर पूर्ण प्रतिबंध, महिला-पुरुषों की अलग होगी जांच

नीट परीक्षा 21 जून 2026 को दोपहर 2 बजे से अपरान्ह 5.15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक ही परीक्षा केन्द्र परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। दोपहर 1.30 बजे के बाद परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा और किसी भी स्थिति में प्रवेश पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्येक परीक्षार्थी को प्रवेश देने से पहले बारीकी से जांच की जायेगी, जिसके लिए महिला व पुरुष परीक्षार्थियों के लिये अलग-अलग फ्रिस्किंग (जांच) की व्यवस्था रहेगी। जांच के तुरंत बाद सभी की बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी। परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षार्थियों, इनविजलेटर व अन्य स्टाफ को मोबाइल फोन, बैग एवं किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थी केवल पारदर्शी पानी की बोतल, एडमिट कार्ड एवं एडमिट कार्ड में उल्लेखित आईडी कार्ड, पासपोर्ट साईज के दो एवं पोस्टकार्ड साइज का एक फोटो ही अपने साथ अंदर ले जा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *