भोपाल7अगस्त206। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा कलेक्ट्रेट से “मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान” का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित जनसमस्याओं की आवेदकों की उपस्थिति में एक-एक कर समीक्षा की। आमजन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही और उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर मुख्यमंत्री ने तत्काल सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) छिंदवाड़ा, परासिया तहसील के संबंधित तहसीलदार एवं पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि चौरई जनपद सीईओ एवं श्रम अधिकारी की एक-एक वेतन वृद्धि रोकने के आदेश दिए गए। इसके अलावा चौरई एसडीएम, संबंधित तहसीलदार और पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान परासिया क्षेत्र की मीना बंजारा द्वारा पटवारी के गलत प्रतिवेदन के कारण प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से वंचित रहने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने संबंधित पटवारी और तहसीलदार को निलंबित करने के साथ ही पीड़िता को मुख्यमंत्री आर्थिक सहायता से एक वर्ष की राशि देने के निर्देश दिए। वहीं प्रसूति सहायता राशि न मिलने के मामले में पोर्टल पर गलत जानकारी दर्ज होने पर सीएमएचओ छिंदवाड़ा पर निलंबन की कार्रवाई की गई। संबल योजना के तहत अनुग्रह राशि न मिलने पर चौरई सीईओ व श्रम अधिकारी की वेतन वृद्धि रोकी गई। इसके अलावा भू-अभिलेख दुरुस्तीकरण में एसडीएम के आदेश का पालन न होने पर चौरई एसडीएम, तहसीलदार व पटवारी को नोटिस जारी किया गया।
सुशासन ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जन सेवा में संवेदनशीलता ही सुशासन की असली पहचान है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने ड्रॉप-आउट बच्चों को दोबारा स्कूल भेजने, शिक्षकों की शत-प्रतिशत ई-अटेंडेंस सुनिश्चित करने और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के भी कड़े निर्देश दिए।
छिंदवाड़ा की प्रेरक प्रतिभाओं से किया आत्मीय संवाद
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ने कृषि, खेल, महिला सशक्तिकरण, स्टार्टअप और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली छिंदवाड़ा की प्रतिभाओं से संवाद किया। 100 एकड़ में ब्लूबेरी की खेती करने वाले वाशम शेट्टी, प्राकृतिक खेती करने वाले राजेंद्र रमेश धारे और 300 एकड़ में ड्रोन छिड़काव कर अतिरिक्त आय अर्जित करने वाली ‘नमो ड्रोन दीदी’ लक्ष्मी धागरे की उन्होंने जमकर तारीफ की। वहीं, खेलो इंडिया ट्राइबल यूथ गेम्स-2026 में कुश्ती का स्वर्ण पदक जीतने वाले शिवा भलावी और 10वीं में 99% अंक लाने वाली मजदूर की मेधावी बेटी आभा शर्मा का उत्साहवर्धन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर प्रतिभाशाली बच्चे के साथ खड़ी है।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह, सांसद विवेक बंटी साहू, विधायक कमलेश प्रताप शाह, महापौर विक्रम आहके, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, कलेक्टर हरेंद्र नारायन, पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।





