ग्वालियर06अगस्त2026 नई दिल्ली में मध्यप्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पदाधिकारियों ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान शिष्टमंडल ने ग्वालियर एवं पूरे प्रदेश के व्यापार, उद्योग और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। चेम्बर पदाधिकारियों ने ग्वालियर में प्रस्तावित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग एवं एक्सपोर्ट ज़ोन (TMEZ) की पहल के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया और उन्हें चेम्बर आने का निमंत्रण दिया। साथ ही आग्रह किया कि TMEZ की संभावनाओं और निवेश के अवसरों की जानकारी उद्योगपतियों व व्यापारियों तक पहुंचाने के लिए चेम्बर में विशेषज्ञों के साथ एक कार्यशाला आयोजित की जाए।
TMEZ से आएगा 5,000 करोड़ का निवेश, सृजित होंगे 10 हजार रोजगार
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चेम्बर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नई टीम ग्वालियर अंचल के विकास में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग एवं एक्सपोर्ट ज़ोन (TMEZ) ग्वालियर-चंबल संभाग के लिए एक बड़ी सौगात है। इससे क्षेत्र में नए उद्योगों की स्थापना के साथ 5,000 करोड़ रुपए से अधिक का निवेश आएगा और 10,000 से अधिक नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
18 अगस्त को चेम्बर भवन में आयोजित होगी कार्यशाला
केंद्रीय मंत्री ने TMEZ की विस्तृत जानकारी व्यापार जगत को देने के लिए विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी को नामित करने की बात कही। इसी क्रम में 18 अगस्त को मध्यप्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में विशेषज्ञों की मौजूदगी में कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
जीएसटी कमिश्नरेट और पासपोर्ट केंद्र की मांग पर आश्वासन
बैठक में चेम्बर पदाधिकारियों ने ग्वालियर में जीएसटी कमिश्नरेट की शीघ्र स्थापना, आधुनिक सुविधाओं से युक्त पासपोर्ट सेवा केंद्र और एलटीटी–हरिद्वार एक्सप्रेस के ग्वालियर में ठहराव की मांग रखी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इन सभी विषयों पर त्वरित व उचित कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया। इस मुलाकात के दौरान चेम्बर अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष सुरेश बंसल, मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव दीपक पमनानी और कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल मौजूद रहे।





