ग्वालियर में जनगणना आज से शुरू: प्रगणकों को बेझिझक दें 34 बिंदुओं की सही जानकारी, पूरी तरह गोपनीय रहेंगे आपके आंकड़े, पहले चरण में होगा मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का काम

ग्वालियर01मई2026। जिले में 01 मई से जनगणना 2027 के प्रथम चरण का कार्य उत्साहपूर्वक शुरू हो गया है। पहले दिन प्रगणकों और सुपरवाइजरों ने मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल डेटा संग्रह की प्रक्रिया शुरू की और नजरी-नक्शे तैयार किए। ग्रामीण क्षेत्रों जैसे बिल्हेटी में स्थानीय निवासियों ने जनगणना टीम का आत्मीय स्वागत किया, जिससे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के प्रति जनता का सकारात्मक रुख देखने को मिला।

मकानों की गणना और सुविधाओं की ली जाएगी जानकारी प्रथम चरण में 01 से 30 मई तक मकान सूचीकरण और मकान गणना (HLB) का कार्य किया जा रहा है। प्रगणक घर-घर जाकर “Census 2027-HLO” मोबाइल ऐप के जरिए डेटा संकलित करेंगे। इस दौरान मुख्य रूप से 34 बिंदुओं पर जानकारी मांगी जाएगी। इसमें मकान की स्थिति, कमरों की संख्या, पेयजल और प्रकाश के स्रोत, शौचालय की व्यवस्था, रसोई गैस कनेक्शन, इंटरनेट सुविधा, वाहन और परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले अनाज (गेहूं, चावल, बाजरा आदि) जैसे विवरण शामिल हैं।

कलेक्टर की अपील: सही जानकारी दें, यह आपका अधिकार है कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रुचिका चौहान ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे आने वाले प्रगणकों को बिना किसी झिझक के सही-सही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग किसी भी कानूनी साक्ष्य के रूप में नहीं किया जा सकता।

क्यों जरूरी है आपकी सही जानकारी? जनगणना के ये आंकड़े भविष्य में सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के सही वितरण और निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के लिए मुख्य आधार बनते हैं। इसलिए, सटीक जानकारी देना जिले के विकास में सीधे तौर पर भागीदारी सुनिश्चित करना है।

डिजिटल सत्यापन और निगरानी इस बार जनगणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल है। प्रगणकों द्वारा भरे गए डेटा की सुपरवाइजर और चार्ज अधिकारी फील्ड में जाकर दोबारा जांच करेंगे ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे। प्रशासन ने सभी प्रगणकों को किट और आईडी कार्ड वितरित कर दिए हैं और फील्ड स्तर पर निगरानी बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *