ग्वालियर/शिवपुरी। 04 नवंबर 2026। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की ग्वालियर शाखा एवं शिवपुरी सीपीई स्टडी चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में 5 नवंबर को शिवपुरी में आईसीएआई रीडिंग रूम का उद्घाटन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के सीए विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना तथा व्यावसायिक शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए ग्वालियर शाखा के सिकासा (CICASA) चेयरमैन सीए नगेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन होंगे, जबकि आईसीएआई के केंद्रीय परिषद सदस्य सीए अभय छाजेड़ एवं सीए पंकज शाह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह गुरुवार, 5 नवंबर को शाम 4 बजे से द्वितीय तल, शगुन आर्केड, ए.बी. रोड, शिवपुरी स्थित आईसीएआई रीडिंग रूम में आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी जैसे चुनौतीपूर्ण व्यावसायिक पाठ्यक्रम में सफलता के लिए अनुशासित अध्ययन, एकाग्रता और उचित शैक्षणिक वातावरण महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रीडिंग रूम की स्थापना से शिवपुरी एवं आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को नियमित और व्यवस्थित अध्ययन के लिए समर्पित स्थान उपलब्ध होगा। यह पहल विद्यार्थियों की परीक्षा की तैयारी को सुदृढ़ करने के साथ उनके शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास में भी सहायक सिद्ध होगी।
समारोह में ग्वालियर शाखा की चेयरपर्सन सीए निधि अग्रवाल सहित शाखा प्रबंध समिति के पदाधिकारी तथा शिवपुरी सीपीई स्टडी चैप्टर के संयोजक सीए विजय कुमार गुप्ता, उपसंयोजक सीए निमेष गोयल एवं कोषाध्यक्ष सीए मोहित जैन की सहभागिता रहेगी।
सीए नगेंद्र सिंह कुशवाह ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर अध्ययन सुविधाओं का विस्तार भावी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने क्षेत्र के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, सीए विद्यार्थियों एवं गणमान्य नागरिकों से उद्घाटन समारोह में सहभागिता कर इस शैक्षणिक पहल को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।





