ग्वालियर अंचल के सभी व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों से भी MDR का विरोध करने का किया आव्हान
ग्वालियर, 22 सितम्बर । भारत सरकार द्वारा दि. 15 अक्टूबर से रु. 2 हजार से अधिक के UPI ट्रांजेक्शन पर MDR वसूले जाने के विरोध में प्रदेश की शीर्ष व्यापारिक एवं औद्योगिक संस्था “म. प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री, ग्वालियर” के आव्हान पर आज दिनांक 23 सितम्बर 2026 को “No UPI Day” मनाया जाएगा और इसमें ग्वालियर अंचल के समस्त व्यवसायिक व औद्योगिक संगठन भी शामिल होंगे ।
अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष-सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष-संदीप नारायण अग्रवाल, मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव-दीपक पमनानी एवं कोषाध्यक्ष-मनोज अग्रवाल ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में अवगत कराया है कि चेम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा संस्था के समस्त सदस्यों सहित ग्वालियर अंचल के सभी व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों से भी इसका विरोध करने का आव्हान किया गया है ।
पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था के सदस्यों सहित अंचल के सभी व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों से सोशल मीडिया के माध्यम से अपील की गई है कि व्यापारिक ट्रांजेक्शन पर MDR चार्ज लिये जाने का विरोध करते हुए सभी व्यापारीगण व उद्योग आज बुधवार, 23 सितम्बर को निम्नानुसार विरोध प्रकट कर, सहयोग करें :-
- अपनी दुकान/संस्थान पर लगे UPI QR Code/Scanner एवं Sound Box को काले कपड़े से ढंकें।
- काले कपड़े से ढंके UPI Scanner/QR Code के साथ अपनी फोटो लेकर सोशल मीडिया पर विरोध स्वरूप अपलोड करें ।
- नो UPI डे के दिन न तो UPI से भुगतान लें और न ही UPI से किसी को भुगतान करें ।
- प्रस्तावित MDR चार्ज के विरोध में एकजुट होकर व्यापारी एकता का परिचय दें और अपनी आवाज़ को बुलंद करें ।





