ग्वालियर20अगस्त2026 सरकारी जमीन को बेजा कब्जे से मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व अनुविभाग झांसी रोड के अंतर्गत ग्राम बाराघाटा में कार्रवाई करते हुए करीब 0.606 हेक्टेयर बेशकीमती शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। राजस्व, पुलिस और नगर निगम के संयुक्त दल ने कार्रवाई को अंजाम देते हुए सर्वे क्रमांक 62 की जमीन को वापस शासन के आधिपत्य में ले लिया। अतिक्रमण से मुक्त कराई गई इस जमीन का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 18 करोड़ 18 लाख रुपये आंका गया है।
एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह के अनुसार इस सरकारी जमीन पर अतिक्रमणकारियों द्वारा पक्का निर्माण कर टीन शेड डाला गया था और व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। मौके पर दो बड़े गोदाम बनाकर उनसे किराया तक वसूला जा रहा था। इस अवैध कब्जे को हटाने के लिए तहसीलदार वृत्त महलगांव (तहसील सिटी सेंटर) की अदालत द्वारा 5 अगस्त 2026 को बेदखली का आदेश जारी कर सात दिन की मोहलत दी गई थी। तय समय में कब्जा न हटाने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम झांसी रोड, तहसीलदार महलगांव, तहसीलदार मेहरा, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, पुलिस बल और नगर निगम का दस्ता मौजूद रहा। प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





