ग्वालियर05अगस्त2026 जीआरपी पुलिस ग्वालियर बीजी ने मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए ट्रेन से अपहृत डेढ़ वर्ष की मासूम बालिका को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में अपहरण में शामिल पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक दीपशिखा सिंह तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने स्टेशन परिसर, शहर के प्रमुख चौराहों और गलियों में लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपियों का सुराग लगाया और उन्हें धर दबोचा।
सामान रखने का झांसा देकर ले भागा था आरोपी
मामले का विवरण देते हुए जीआरपी पुलिस ने बताया कि फरियादिया अनीता जाटव (24) निवासी ग्राम खरई, तहसील कोलारस, जिला शिवपुरी ने 4 अगस्त को थाने उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अनीता ने बताया कि वह 3 अगस्त को अपनी डेढ़ वर्षीय बच्ची जूही के साथ बुंदेलखंड एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 11107) के जनरल कोच में बैठकर प्रयागराज यात्रा के लिए जा रही थी।
इसी दौरान सामने की सीट पर आकर बैठे एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे कहा कि वह अपना सामान जमा ले, तब तक वह बच्ची को देख लेता है। महिला जैसे ही सामान रखने लगी, आरोपी मौका देखकर मासूम बच्ची को गोद में लेकर रफूचक्कर हो गया। आसपास काफी तलाश करने के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो पीड़िता ने जीआरपी थाना ग्वालियर में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
4 टीमों का गठन और 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी दीपशिखा सिंह तोमर ने तुरंत 04 विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन ग्वालियर के अलावा शहर के विभिन्न चौराहों, गलियों, टपरियों और व्यक्तिगत मकानों पर लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
मुखबिर तंत्र सक्रिय कर दिन-रात किए गए अथक प्रयास के बल पर पुलिस टीम ने महज 24 घंटे के अंदर आरोपियों को चिन्हित कर दबिश दी और अपहृत बालिका जूही को सकुशल बरामद कर लिया।
पति-पत्नी गिरफ्तार
जीआरपी पुलिस ने मामले में संजू राय पिता रामचंद्र राय (42) और उसकी पत्नी शिवानी राय (35), निवासी पीर गुंबज वाली गली, गांधी नगर, ग्वालियर को गिरफ्तार किया है।
इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई में निरीक्षक दीपशिखा सिंह तोमर के साथ आरक्षक शिवकुमार, सौरभ सिंह, मातादीन, राघवेंद्र दीक्षित, लोकेश जाट, रवि सिकरवार, चंद्रपाल तोमर और जितेंद्र धाकड़ की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।





