सिंहपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: सवा लाख के बेशकीमती चंदन के साथ आरोपी गिरफ्तार, खेत से काटकर चोरी किए थे 7 पेड़

शहडोल05जनवरी2026। सिंहपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चंदन चोरी के मामले का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया भारी मात्रा में चंदन बरामद किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत सवा लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुश्तैनी खेत से पार कर दिए थे पेड़

घटना 5 जनवरी 2026 की है। ग्राम इमली टोला सिंहपुर निवासी फरियादी रतनू कोल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी नदी किनारे स्थित पुश्तैनी भूमि से अज्ञात बदमाशों ने चंदन के 7 हरे-भरे पेड़ काटकर चोरी कर लिए हैं। कीमती लकड़ी की चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ गई।

घेराबंदी कर पकड़ा गया मंडला का तस्कर

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सिंहपुर निरीक्षक एम.एल. राहंगडाले ने तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी शुरू की। पुलिस की तत्परता से आरोपी आशीष गोंड (निवासी देवरी बरबटी, जिला मण्डला) को पकड़ लिया गया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चंदन के सातों नग बरामद कर लिए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 1,25,000/- रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

चंदन तस्कर को सलाखों के पीछे पहुँचाने और माल बरामदगी में थाना प्रभारी एम.एल. राहंगडाले के नेतृत्व में सउनि शुभवंत चतुर्वेदी, प्रधान आरक्षक सुनील शुक्ला, आरक्षक ईश्वर और मनोज बरमानिया की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *