ग्वालियर में जनकगंज पुलिस का बड़ा एक्शन: बंद होटल के कमरों में चल रहा पटाखों का अवैध गोदाम पकड़ा, दो व्यापारी नामजद

ग्वालियर 30 अक्टूबर 2026 दीपावली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए ग्वालियर पुलिस ने अवैध बारूद और पटाखों के खिलाफ अपना शिकंजा कस दिया है। थाना जनकगंज पुलिस ने चावड़ी बाजार स्थित बंद शिवम होटल पर छापा मारकर अवैध रूप से भंडारित 70,450 रुपये कीमत के पटाखे जप्त किए हैं।

पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि बंद पड़े होटल के कमरों को गोदाम बनाकर वहां भारी मात्रा में पटाखे छिपाकर रखे गए हैं। थाना प्रभारी जनकगंज निरीक्षक प्रवीण कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी। मौके पर जब कमरों की तलाशी ली गई तो वहां सुतली बम, मिर्ची पटाखे, बुलेट बम, रॉकेट, अनार और लैला-मजनू समेत ज्वलनशील पटाखों का बड़ा स्टॉक बरामद हुआ।

पूछताछ के दौरान कमरे किराए पर लेकर व्यापार कर रहे दोनों व्यक्ति पटाखों के भंडारण और बिक्री से जुड़ा कोई भी वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला:

  • राजेश बजाज: उदाजी की पायगा जनकगंज निवासी राजेश बजाज के कब्जे से 43,050 रुपये कीमत के अवैध पटाखे जप्त किए गए।
  • विक्रम वाधवानी: समाधिया कॉलोनी जनकगंज निवासी विक्रम वाधवानी के कब्जे से 27,400 रुपये कीमत के पटाखे बरामद हुए।

पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराते हुए पटाखा सामग्री को मौके पर ही सीलबंद कर जप्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

ग्वालियर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बिना अनुमति या लाइसेंस के पटाखों का भंडारण और बिक्री न करें, क्योंकि यह न केवल कानूनन अपराध है बल्कि किसी बड़े हादसे का कारण भी बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *