रीवा, 15 अक्टूबर 2026। लोकायुक्त पुलिस रीवा की टीम ने सिंगरौली जिले के बैढ़न में बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग के एक सहायक ग्रेड-2 (बड़े बाबू) को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी कर्मचारी मृत रिटायर्ड कर्मी के बेटे से उसकी मां के खाते में बीमा राशि के भुगतान के एवज में घूस की मांग कर रहा था।
क्या है पूरा मामला
सीधी जिले के रामपुर नैकिन (ग्राम मुर्तला कोठार) निवासी रज्जन साकेत ने रीवा लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उनके पिता राम कृपाल साकेत जल संसाधन संभाग क्रमांक 2, सिंगरौली में सुपरवाइजर के पद से 1 जून 2025 को सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उनके बीमा क्लेम की राशि मिलना बाकी थी, लेकिन इसी दौरान 22 अक्टूबर 2025 को उनका निधन हो गया।
पिता के निधन के बाद लंबित बीमा राशि को मां के बैंक खाते में ट्रांसफर कराने के लिए जब रज्जन साकेत कार्यालय के बड़े बाबू दिनेश कुमार श्रीवास्तव से मिले, तो आरोपी ने काम करने के एवज में 4,000 रुपये की रिश्वत मांगी।
ट्रैप की योजना और कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस रीवा द्वारा मामले का सत्यापन कराया गया। शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को लोकायुक्त निरीक्षक नरेश बेहरा और निरीक्षक एस. राम. मरावी के नेतृत्व में टीम ने बैढ़न स्थित स्टेट बैंक मेन ब्रांच के पास घेराबंदी की। जैसे ही शिकायतकर्ता रज्जन साकेत ने आरोपी दिनेश कुमार श्रीवास्तव को 4,000 रुपये थमाए, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी दिनेश कुमार श्रीवास्तव (60 वर्ष), निवासी जौनपुर (उत्तर प्रदेश), वर्तमान में सहायक वर्ग-2 के पद पर जल संसाधन संभाग 2 सिंगरौली में पदस्थ है। लोकायुक्त टीम ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधन 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोकायुक्त की अपील: रीवा लोकायुक्त पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो निसंकोच लोकायुक्त रीवा के मोबाइल नंबर 98936 07619 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।





