भविष्य की चुनौतियों के लिए CA छात्र हो रहे टेक-सैवी: ‘AI AURA 2026’ कार्यशाला में प्रभावी प्रॉम्प्टिंग और डेटा एनालिसिस के सीखे गुर

ग्वालियर, 15 अक्टूबर 2026। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की स्टूडेंट विंग CICASA ग्वालियर ब्रांच (CIRC) द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘AI AURA 2026’ कार्यशाला का पहला दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यशाला में सीए विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मूल अवधारणाओं से लेकर इसके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी गई।

तकनीकी रूप से दक्ष बनाना उद्देश्य

कार्यक्रम का शुभारंभ CICASA चेयरमैन CA नगेन्द्र सिंह कुशवाह के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सीए प्रोफेशन में काम करने के तरीकों को तेजी से बदल रही है। ऐसे में सीए विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करना CICASA का मुख्य उद्देश्य है।

अकाउंटिंग और ऑडिटिंग में AI की उपयोगिता

कार्यशाला के मुख्य वक्ता CA सिद्धार्थ अग्रवाल ने सीए छात्रों को AI की सैद्धांतिक और व्यावहारिक बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने प्रभावी प्रॉम्प्ट तैयार करने की तकनीक, डेटा विश्लेषण, रिसर्च और ऑटोमेशन के फायदों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि अकाउंटिंग, ऑडिटिंग और टैक्सेशन के क्षेत्र में AI टूल्स का किस तरह बेहतर और कुशल उपयोग किया जा सकता है।

दूसरा सत्र आज

कार्यक्रम का मंच संचालन अरुन्या शर्मा और निर्वाणी जैन ने किया, जबकि कृष्णा कारदा ने आभार व्यक्त किया। सीए छात्रों ने सत्र को बेहद ज्ञानवर्धक बताया। कार्यशाला का दूसरा और अंतिम सत्र 16 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *