सिरौल पुलिस की कार्रवाई: साउंड सिस्टम पर तेज गाने बजाकर और नशे में लहरा रहा था ट्रैक्टर, पुलिस ने दबोचा

ग्वालियर, 14 अक्टूबर 2026। थाना सिरौल पुलिस ने शराब के नशे में ट्रैक्टर चलाने और सड़क पर लहराते हुए वाहन चलाने के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत इस्तगाशा तैयार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

थाना प्रभारी सिरौल कमल किशोर यादव ने बताया कि वो 12 अक्टूबर को पुलिस बल के साथ क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान ग्राम अलापुर के पास एक ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर में लगे कैबिनेट साउंड सिस्टम पर तेज आवाज में गाने बजाते हुए ट्रैक्टर को लहराकर चलाता दिखाई दिया। चालक के शराब के नशे में होने का संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ट्रैक्टर सहित ग्राम डोंगरपुर की गलियों में भागने लगा, लेकिन पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में चालक की पहचान विनोद बघेल (32 वर्ष), निवासी ग्राम डोंगरपुर, थाना सिरौल, जिला ग्वालियर के रूप में हुई। इसके बाद चालक को ट्रैक्टर सहित थाना सिरौल लाया गया, जहां ब्रीथ एनालाइजर मशीन से एल्कोहल परीक्षण किया गया, जिसमें एल्कोहल की मात्रा 133.5 दर्ज की गई।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आइसर ट्रैक्टर को विधिवत जब्त कर जप्ती पंचनामा तैयार किया। इसके बाद आरोपी चालक के विरुद्ध धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत इस्तगासा तैयार कर अधिकतम जुर्माने से दंडित किए जाने हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जब्त ट्रैक्टर को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।

ग्वालियर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के प्रभाव में वाहन न चलाएं। नशे में वाहन चलाना स्वयं चालक के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *