ग्वालियर10अगस्त2026 स्कूली बच्चों और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिले में स्कूली वाहनों, एम्बुलेंस, ऑटो रिक्शा, ट्रैक्टर और अन्य यात्री वाहनों की जांच का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को परिवहन विभाग की टीम ने एम्बुलेंस वाहनों का विशेष निरीक्षण किया। चेकिंग के दौरान तय प्रोटोकॉल के अनुसार एम्बुलेंस में सुरक्षा मानकों की बारीकी से पड़ताल की गई।
एम्बुलेंस और यात्री वाहनों पर कार्रवाई, 1.05 लाख से अधिक जुर्माना
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विक्रमजीत सिंह कंग ने बताया कि एम्बुलेंस सहित अन्य यात्री वाहनों में सुरक्षा मानकों की कमियां मिलने पर कुल 1 लाख 5 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क (चालान) वसूला गया है। सोमवार को संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी प्रवीण नाहर के नेतृत्व में परिवहन विभाग के दल ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
सुरक्षा मानकों से खिलवाड़ पर नहीं मिलेगी छूट, अभियान रहेगा जारी
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सड़कों पर बिना आवश्यक सुरक्षा मानकों के दौड़ने वाले वाहनों के खिलाफ यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। स्कूली बच्चों और आम यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने वाले वाहन चालकों और संचालकों पर आगे भी इसी तरह सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





