भिण्ड से ग्वालियर लाई जा रही मावा की बड़ी खेप पकड़ी: 7 लाख का 2,190 किलो मावा और 24 किलो पनीर जब्त

ग्वालियर10अगस्त2026 जिले में दूध, मावा और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने महाराज बाड़ा स्थित मोर बाजार में भिण्ड से परिवहन कर लाया जा रहा 2,200 किलोग्राम मावा पकड़ा। प्राथमिक जांच में मावा का मिल्क फैट निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर 2,190 किलोग्राम मावा, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 4 हजार रुपये है, जब्त कर लिया गया। इसके साथ ही बजाजखाना स्थित गोपाल डेयरी से 24 किलोग्राम पनीर भी जब्त किया गया है।

मोर बाजार में टाटा 407 वाहन की चेकिंग, 55 डलियों में भरा मिला मावा

कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देशों के क्रम में अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने महाराज बाड़ा स्थित मोर बाजार पहुंचकर भिण्ड से आए टाटा 407 वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन में 55 डलियों में करीब 2,200 किलोग्राम मावा भरा हुआ था। पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि मावा की डलियां मोर बाजार स्थित महावीर मावा भंडार, विषम्भर सिंह राजपूत मावा भंडार और राठौर मावा भंडार की हैं। मौके पर चलित मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से मावा की प्राथमिक जांच की गई, जिसमें मिल्क फैट मानक के अनुसार नहीं पाया गया।

7 लाख का मावा और गोपाल डेयरी से 24 किलो पनीर सीज

जांच में मावा अमानक पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, निरूपमा शर्मा और आनंद शर्मा की टीम ने तीनों व्यापारियों के मावा से कुल 6 नमूने लिए और शेष 2,190 किलोग्राम मावा जब्त कर लिया। इसी दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश धाकड़ ने बजाजखाना स्थित गोपाल डेयरी से 24 किलोग्राम पनीर जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 7,680 रुपये है।

जांच के लिए भोपाल भेजे गए सभी सैंपल

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा मावा और पनीर के लिए गए सभी नमूने विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि भोपाल से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *