देशभर के खेल विशेषज्ञों ने ग्वालियर में बनाया ‘खेल विधि’ का रोडमैप, खिलाड़ियों के लिए नियम होंगे और आसान

ग्वालियर01जून2026 लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एलएनआईपीई) में भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू) द्वारा प्रस्तावित ‘खेल विधि’ (Khel Vidhi) के अंतिम प्रारूप को निर्धारित करने के लिए एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय बैठक आयोजित की गई। संस्थान की कुलपति प्रो. कल्पना शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में देशभर के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और खेल संस्थानों के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य अंतर-विश्वविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन के लिए नियमों और मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) को अंतिम रूप देना है। बैठक में पंजाब, चेन्नई, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली और गुजरात सहित अन्य राज्यों के खेल विशेषज्ञों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।

खेलों में पारदर्शिता और एकरूपता पर रहेगा जोर

बैठक के दौरान कुलपति प्रो. कल्पना शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि खेल प्रशासन में पारदर्शिता और एकरूपता लाने के लिए एक व्यवहारिक खेल विधि का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नई खेल विधि न केवल प्रतियोगिताओं को अधिक व्यवस्थित बनाएगी, बल्कि इसे पूरी तरह से खिलाड़ी-केंद्रित भी रखा जाएगा। बैठक के संयोजक और एआईयू के संयुक्त सचिव (खेल) डॉ. सिंकू कुमार सिंह ने भी समिति सदस्यों के साथ वर्तमान नियमों में आवश्यक संशोधनों और नई एसओपी को लागू करने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

देशभर के खेल विशेषज्ञ हुए शामिल

इस राष्ट्रीय बैठक में पंजाब विश्वविद्यालय से डॉ. गुरदीप कौर रंधावा, चेन्नई से डॉ. एस. सेल्वाकुमार, मुंबई से डॉ. मनोज एन. रेड्डी और दिल्ली विश्वविद्यालय से डॉ. अनिल कुमार कालका जैसे दिग्गजों ने शिरकत की। विशेषज्ञों ने प्रतियोगिताओं के संचालन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशासनिक सुधारों पर चर्चा की। समिति ने खेल विधि के प्रारूप की समीक्षा की और भविष्य की खेल चुनौतियों को देखते हुए मानक प्रक्रियाओं को मंजूरी दी। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने खेल प्रशासन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *