ग्वालियर, 23 जनवरी 2025। गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय में आयोजित वार्षिक उत्सव का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हो चुका है। उत्सव के अंतर्गत आयोजित की गई तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिताओं का समापन शुक्रवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के पूर्व अधीक्षक डॉ. एस.एन. तिवारी, विशिष्ट अतिथि डॉ. अजय उपाध्याय तथा महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. डॉ. आर.के.एस. धाकड़ उपस्थित रहे। इस अवसर पर अधिष्ठाता द्वारा डॉ. एस.एन. तिवारी का परिचय विद्यार्थियों से कराया गया। डॉ. तिवारी ने अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया और सभी विजेताओं को बधाई दी। खेल प्रतियोगिताओं में एथलीट ऑफ द ईयर (पुरुष) का खिताब अमित बघेल तथा महिला वर्ग में आर्या सिंह को प्रदान किया गया। वहीं शॉटपुट स्पर्धा में स्वर्ण पदक आयुष पटले ने हासिल किया। कार्यक्रम का संचालन खेल अधिकारी डॉ. प्रदीप सारस्वत ने किया। इस अवसर पर डॉ. संजय धवले, डॉ. अखिलेश त्रिवेदी, डॉ. वीरेंद्र वर्मा, डॉ.अमित निरंजन सहित अनेक चिकित्सा शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

23 जनवरी को हुए यह कार्यक्रम
वार्षिक उत्सव के अंतर्गत 23 जनवरी को विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इनमें ट्रेजर हंट, मेड-चराडेस, साहित्यिक व नैदानिक अल्पना, मंडला कला, ग्राफिटी, स्केचिंग, ओरिगामी, कैलीग्राफी, ‘फिल्म का अनुमान लगाएं ‘, दीवार चित्रकारी, फैशन शो और बैंड नाइट जैसी गतिविधियां शामिल रहीं। इसके साथ ही ललित कला, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रमों में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मकता, खेल कौशल व सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।





