ग्वालियर, 24 नवंबर 2026। विवाह समारोहों के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए ग्वालियर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) जेंडेन लिंगजर्पा ने मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में शहर के मैरिज गार्डन, मांगलिक भवन और होटल संचालकों की बैठक ली। बैठक में डीएसपी यातायात अजीत सिंह चौहान और विजय भदौरिया सहित बड़ी संख्या में संचालक मौजूद रहे।
35 प्रतिशत पार्किंग और अलग द्वार अनिवार्य बैठक में जिला प्रशासन के पूर्व आदेशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया गया कि प्रत्येक मैरिज गार्डन, मांगलिक भवन और होटल में कुल क्षेत्रफल का न्यूनतम 35 प्रतिशत हिस्सा पार्किंग के लिए आरक्षित रखना अनिवार्य है। जिन स्थानों पर निर्धारित पार्किंग व्यवस्था नहीं है, वहां विवाह समारोह आयोजित नहीं किए जा सकेंगे। इसके साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार और पार्किंग के लिए अलग-अलग द्वार बनाने तथा पार्किंग स्थल दर्शाने वाले स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क पर पार्किंग मिली तो होगी कार्रवाई, गार्ड तैनात करने के निर्देश पुलिस अधिकारियों ने संचालकों को हिदायत दी कि सभी वाहनों की पार्किंग परिसर के भीतर ही कराई जाए। किसी भी स्थिति में सड़क या सार्वजनिक मार्ग पर वाहन खड़े न होने दें। यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए पर्याप्त संख्या में निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने को कहा गया है।
हर्ष फायर और ध्वनि प्रदूषण पर पूर्ण प्रतिबंध आयोजनों के दौरान आम नागरिकों को होने वाली असुविधा और आसपास के रहवासियों को ध्वनि प्रदूषण से बचाने के लिए नियमों का पालन करने को कहा गया है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि समारोहों में अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने, उनका प्रदर्शन करने और हर्ष फायर करने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





