विदेश में उच्च शिक्षा के लिए पिछड़ा वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी छात्रवृत्ति, ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित,प्रदेश के 50 विद्यार्थियों का होगा चयन

ग्वालियर, 28 नवम्बर 2026/ पिछड़ा वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों को विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा ‘मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना संचालित है। योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी विभागीय पोर्टल https://mpom.mp.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ग्वालियर जिले के पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी भी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना के अंतर्गत प्रदेशभर से कुल 50 पात्र विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह योजना आर्थिक कठिनाइयों के कारण विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने से वंचित पिछड़ा वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा एवं शोध के अवसर के लिये शासन द्वारा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

ये विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन

योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पिछड़े वर्ग के आवेदक मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए। विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ हाईस्कूल एवं हायर सेकंडरी की अंकसूची, उच्च शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण-पत्र (जहां लागू हों), जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवासी प्रमाण-पत्र एवं आय प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।
इसके अलावा विदेशी विश्वविद्यालय का प्रवेश प्रस्ताव (ऑफर लेटर), क्यूएस (QS) रैंकिंग संबंधी प्रमाण, IELTS/TOEFL/GRE के अंकपत्र (जहां लागू हों), आधार कार्ड, समग्र आईडी, बैंक खाते का विवरण तथा वैध पासपोर्ट सहित विज्ञप्ति में निर्धारित अन्य दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है।

यहां से प्राप्त करें जानकारी

योजना की पात्रता, नियम एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए जिले के पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थी कार्यालय सहायक संचालक, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, शारदा विहार, आदिम जाति कल्याण विभाग के पास, सिटी सेंटर, ग्वालियर में कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *