ग्वालियर10अगस्त2026 अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोहना थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करई पाटई रोड स्थित डीआरडीओ गेट के पास चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो तस्करों को घेराबंदी कर पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 20 ग्राम अवैध गांजा और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त मादक पदार्थ और बाइक की कुल कीमत लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
डीआरडीओ गेट के पास नाकाबंदी, चेकिंग में धरे गए तस्कर
मोहना थाना प्रभारी निरीक्षक विनय सिंह तोमर ने थाना बल को करई पाटई रोड पर संदिग्ध वाहनों की धरपकड़ के लिए तैनात किया था। चेकिंग के दौरान करई पाटई की तरफ से आती एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। पूछताछ में बाइक चालक ने अपना नाम नरोत्तम जाटव (24) निवासी ग्राम सहसराम थाना गसवानी जिला श्योपुर और पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम मोनू परिहार (35) निवासी ग्राम कुंवरपुर थाना सिरसौद जिला शिवपुरी बताया।
बैग से निकला 30 हजार का गांजा, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस टीम ने बाइक पर पीछे बैठे मोनू परिहार के पास मौजूद थैले की तलाशी ली, तो उसमें अवैध गांजा भरा मिला। पूछताछ करने पर आरोपी ने गांजे को बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर तौल कराने पर गांजे का वजन 2 किलो 20 ग्राम निकला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये है। पुलिस ने गांजा और इस्तेमाल में ली गई काले-लाल रंग की पल्सर बाइक जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मोहना में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पकड़े गए तस्करों से मादक पदार्थ के स्रोत और नेटवर्क को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विनय सिंह तोमर, उप निरीक्षक सरनाम सिंह परमार सहित थाना बल की सराहनीय भूमिका रही।





