ग्वालियरः सड़कों के कार्यादेश जारी होने के 7 दिन के भीतर कराएं भूमि पूजन, वरना शुरू कराएं काम: निगम सभापति

ग्वालियर10अगस्त2026 नगर निगम परिषद का विशेष अभियाचित सम्मेलन नगर निगम अध्यक्ष मनोज सिंह तोमर की अध्यक्षता में जल विहार परिषद सभागार में आयोजित किया गया। इस बैठक में शहर की सड़कों, विकास कार्यों, होर्डिंग्स और मुक्तिधामों की व्यवस्थाओं जैसे कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए।

सड़कों के पेंडिंग कामों पर सख्त निर्देश, 7 दिन में भूमि पूजन के आदेश

बैठक के बिंदु क्रमांक 12 में शहर की सड़कों की स्थिति पर चर्चा हुई। नगर निगम अध्यक्ष मनोज सिंह तोमर ने निगमायुक्त को निर्देशित किया कि वर्ष 2024 में पारित ठहराव क्रमांक 124 के तहत सड़कों पर कार्रवाई के लिए समिति बनाने के निर्देश दिए गए थे, जिस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने निगमायुक्त को पूर्व ठहराव का पालन करने और मौलिक निधि के मामलों में समय सीमा निर्धारित करने के निर्देश दिए ताकि सड़कों के काम जल्द पूरे हो सकें। साथ ही यह भी आदेश दिया कि जिन सड़कों के कार्यादेश जारी हो चुके हैं, उनका प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सात दिन के भीतर भूमि पूजन कराया जाए। यदि किसी कारणवश भूमि पूजन नहीं हो पाता है, तो संबंधित ठेकेदार से तुरंत कार्य शुरू कराया जाए।

होर्डिंग्स, डिपो और निविदाओं की जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी चर्चा

बैठक के बिंदु क्रमांक 13, 14 और 15 के तहत निविदा प्रकरणों में मूल राशि के अलावा संधारण व परिचालन, होर्डिंग्स व गैन्ट्री और कार्यशाला व डिपो कार्यालय के अधीन वाहनों के संचालन, प्रबंधन, क्रय-विक्रय और कर्मचारियों की उपलब्धता पर चर्चा हुई। इन विषयों पर नगर निगम अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पहले से गठित जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद ही सदन में इस पर आगे चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कड़े लहजे में निर्देशित किया कि जितनी भी जांच समितियां बनाई गई हैं, वे एक माह के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। यदि कोई समिति समय पर रिपोर्ट नहीं दे पाती है, तो उसे कारण सहित सदन को अवगत कराना होगा।

मुक्तिधामों का होगा कायाकल्प, टीन शेड से लेकर CCTV तक की व्यवस्था के निर्देश

बिंदु क्रमांक 16 के तहत शहर के श्मशान घाटों की स्थिति सुधारने पर विस्तृत चर्चा हुई। नगर निगम अध्यक्ष ने निगमायुक्त को मुक्तिधामों में आवश्यकतानुसार पहुंच मार्ग निर्माण, टीन शेड, बैठने की व्यवस्था, सफाई, पेयजल, गैस व विद्युत शवदाह गृह, शौचालय, लॉकर, सीसीटीवी कैमरे, गार्ड और रसीद की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, गौशाला से शासकीय दरों पर कंडों की व्यवस्था कराने, मुक्तिधामों से अतिक्रमण हटाने और लकड़ी की खपत कम करने के लिए कलेक्टर से चर्चा कर निर्धारित दर पर लकड़ी उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि मुक्तिधामों में जिस भी चीज की कमी है, उसे प्राथमिकता से दूर किया जाए। इसके बाद एजेंडा समाप्त होने की घोषणा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *