ग्वालियर10अगस्त2026 जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आदतन अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से ग्वालियर पुलिस ने देर रात शहर से लेकर देहात तक व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 92 स्थाई और 98 गिरफ्तारी वारंट तामील कराते हुए कुल 190 फरार वारंटियों को धर दबोचा। इसके साथ ही पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले भर में 252 गुण्डे और हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग कर उनके रिकॉर्ड को अपडेट किया।
सड़कों पर उतरे पुलिस अफसर, आधी रात गली-मोहल्लों में दबिश
अभियान के दौरान अति पुलिस अधीक्षक मध्य व यातायात सुजावल जग्गा, अति पुलिस अधीक्षक पश्चिम व अपराध सुमन गुर्जर, अति पुलिस अधीक्षक पूर्व डॉ. शिवेश सिंह बघेल, अति पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर एवं समस्त राजपत्रित अधिकारियों ने अपने-अपने थाना प्रभारियों और पुलिस बल के साथ मोर्चेबंदी संभाली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने स्वयं शहर के संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर कॉम्बिंग गश्त का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस की टीमों ने पैदल गश्त करते हुए अपराधियों के छिपने के संभावित ठिकानों पर अचानक दबिश दी।
हॉस्टल, लॉज, एटीएम और संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग
गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने फरारी बदमाशों, वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों और जिला बदर के आरोपियों के घरों पर जाकर उनकी उपस्थिति की पड़ताल की। इसके अलावा बैंक, एटीएम, होटल, लॉज, धर्मशाला और ढाबों को भी खंगाला गया। शहर व देहात के संवेदनशील इलाकों में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों तथा मुंह ढंककर दो पहिया वाहन चलाने वालों की सघन चेकिंग की गई।
252 बदमाशों का रिकॉर्ड अपडेट, जेल से छूटे अपराधियों पर नज़र
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 128 गुण्डा एवं 124 हिस्ट्रीशीटरों को चेक करते हुए सक्रिय बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। हाल ही में जेल से रिहा होकर आए आरोपियों की गतिविधियों को भी जांचा गया। चेकिंग के दौरान प्रत्येक अपराधी को सख्त चेतावनी दी गई कि यदि वह किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोरतम कानूनी कदम उठाए जाएंगे। ग्वालियर पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कॉम्बिंग गश्त आगे भी लगातार जारी रहेगी।




