वार्ड 39 उपचुनावः कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में विशाल परिजन संपर्क यात्रा, समर्थन देने उमड़ा जनसैलाब

शिवानी को मिला एक-एक वोट वार्ड के विकास की इबारत लिखेगा: प्रवीण पाठक

सतीश, सुनील और देवेंद्र की तिकड़ी प्रचार के अंतिम दिन भी मैदान में डटी

 ग्वालियर07दिसंबर2024। नगर निगम के वार्ड 39 में उपचुनाव के लिए आज शनिवार को चुनाव प्रचार के अन्तिम दिन कांग्रेस प्रत्याशी शिवानी आकाश खटीक के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गई विशाल परिजन जनसंपर्क यात्रा में उमड़े जनसमर्थन ने यहां के चुनावी माहौल को कांग्रेसमय कर दिया। कांग्रेस की यह परिजन संपर्क यात्रा दोपहर में खाटू श्याम मंदिर स्थित चुनाव कार्यालय से प्रारंभ हुई एवं वार्ड के सभी गली मोहल्लों, कॉलोनियों, सड़कों से होते हुए निकली। माता बहनों ने घरों से बाहर निकलकर कांग्रेस प्रत्याशी शिवानी आकाश खटीक को माल्यार्पण कर, आरती कर एवं मिठाई खिलाकर विजयश्री का मंगल आशीर्वाद दिया।

   वार्ड 39 में उपचुनाव की घोषणा एवं कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में शिवानी आकाश खटीक के नाम के ऐलान के साथ ही पूरा चुनाव प्रबंधन कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं स्थानीय पूर्व विधायक प्रवीण पाठक स्वयं देख रहे थे। वार्ड में भाजपा को शिकस्त देकर यहां कांग्रेस की विजय का परचम फहराने के लिए उनके द्वारा बनाई गई व्यूहरचना व दिशा निर्देशन के अनुरूप ही शिवानी खटीक का प्रचार अभियान चल रहा था। चुनावी वार रूम में रणनीति निर्धारण की कमान जहां पूर्व विधायक प्रवीण पाठक के हाथों में थी तो मैदान में विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा व शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र शर्मा डटे रहे और चुनावी फिजां को कांग्रेस के अनुकूल बनाने में पूरी ताकत लगाई।

  चुनाव प्रचार अभियान के लिहाज से प्रचार अभियान का आज शनिवार को अंतिम दिन काफी महत्वपूर्ण व निर्णायक रहा जब स्थानीय पूर्व विधायक प्रवीण पाठक कार्यकर्ताओं व समर्थकों के विशाल जनसैलाब के साथ खुद मैदान में उतरे। कांग्रेस की इस जनसंपर्क रैली में विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव, पूर्व विधायक मदन कुशवाहा, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा, ग्रामीण जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल जौहरे, प्रदेश सचिव रश्मि पंवार शर्मा, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष मीनू परिहार सहित सभी जिला, ब्लॉक व मण्डल पदाधिकारी शामिल थे। यह जनसंपर्क रैली वार्ड के जिन जिन गली मौहल्लों में पहुंची, वहां का वातावरण कांग्रेसमय हो गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रवीण पाठक ने वार्डवासियों से वादा किया कि शिवानी खटीक को मिला एक-एक वोट वार्ड के विकास की इबारत लिखेंगे।

   जनसंपर्क यात्रा प्रिया ब्रेड फैक्ट्री, लक्ष्मीगंज चौराहा, ए.बी.रोड़, हरिजन बस्ती, लेले वाली रोड़, लोहागढ़, ढोलीबुआ का पुल, बजरिया, शिंदे मंडली, विनय कोचिंग, बाई साहब की परेड, पाटनकर बाड़ा, नगर निगम वर्कशॉप से जटार गली, सातभाई की गोठ, नदी किनारा रामद्वारा, जच्चाखाना होते हुये निकली व प्रिया ब्रेड फैक्ट्री पर विजय संकल्प के साथ समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *