ग्वालियर04नवंबर2022। विश्व हिंदू परिषद ने वर्ष 2022 में परिषद के विस्तार के लिए एक करोड़ से अधिक भारतीयों को हितचिंतक यानी सदस्य बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए पूरे देश में एक साथ 6 से 20 नवंबर तक अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान को हितंचिंतक अभियान नाम दिया गया है। प्रत्येक 3 वर्ष में एक बार आयोजित हितचिंतक अभियान के तहत इस बार देश के डेढ़ लाख गांवों तक पहुंचने की योजना विहिप ने बनाई है। अब तक एक लाख गांवों में 34 लाख हितचिंतक हैं। 15 वर्ष से ऊपर का कोई भी व्यक्ति हितचिंतक बन सकता है। जिन्हें हिंतचिंतक बनाया जाता है उन्हें 20 रुपये का कूपन दिया जाता है।
विहिप के प्रांत प्रचार प्रमुख जितेंद्र चौहान ने बताया कि कि इस अभियान के तहत हर जाति, पंथ व संप्रदाय के लोगों से संपर्क किया जाएगा। उन लोगों को हिंदू समाज और राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ा जाएगा।
इस संपर्क अभियान में विहिप के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे। इसके अंतर्गत चिकित्सकों, अभियंताओं, सीए, वकीलों, सेवानिवृत्त जजों, गायकों, अभिनेताओं, खिलाड़ियों और अनुसूचित जाति व जनजाति समाज के प्रमुख लोगों को हितचिंतक बनाने पर जोर दिया जाएगा।
प्रांत प्रचार प्रमुख चौहान ने जानकारी दी कि परिषद इस हितचिंतक अभियान के माध्यम से लोगों को धर्मांतरण और लव जिहाद के दुष्परिणामों से अवगत कराएगी। लोगों को बताया जाएगा कि हम कैसे इसे रोकने के लिए प्रयास कर रहे हैं। घर वापसी के लिए किस तरह कटिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य विहिप के विभिन्न आयामों के कार्यों का जन सेवार्थ विस्तार करना है। सेवा कार्यों से वंचित समाज को जोड़ना, नई पीढ़ी में सनातन संस्कारों का संचार करना, गोवंशों की रक्षा, पर्यावरण संरक्षण, नारी सशक्तीकरण, सामाजिक समरसता एवं हिंदू समाज को संगठित करते हुए उसकी सुरक्षा के संकल्प का भाव जगाना है।