दर्पण स्टेडियम में खिलाड़ियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर किया याद
ग्वालियर14अक्टूबर2025। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के दर्पण मिनी हॉकी स्टेडियम पर आज (मंगलवार, 14 अक्टूबर) को एक भावुक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के पूर्व खिलाड़ी और राष्ट्रीय स्तर के हॉकी प्लेयर स्वर्गीय अनिकेत वरुण को समर्पित था, जिनका आज ही के दिन इटारसी में एक सड़क हादसे में निधन हो गया था।
स्वर्गीय अनिकेत वरुण को श्रद्धांजलि देने के लिए खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने एक हॉकी प्रदर्शन मैच का आयोजन किया। मैच के आरंभ से पहले, सभी उपस्थित खिलाड़ियों ने अनिकेत वरुण के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस भावुक आयोजन में स्वर्गीय अनिकेत वरुण के पिताजी राजकुमार वरुण एवं उनकी माताजी विशेष रूप से मौजूद रहीं। उनके साथ दिलशाद खान ने मिलकर हॉकी खिलाड़ियों को टी-शर्ट वितरित की।
यह आयोजन दिवंगत खिलाड़ी के प्रति सम्मान और खेल जगत में उनके योगदान को याद करने का एक प्रयास था। इस दौरान वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी भागीरथ शर्मा, तरनेश तपन चौहान, दिलशाद खान, फिरोज खान, संगीता दीक्षित एवं अविनाश भटनागर सहित कई लोग मौजूद रहे। सभी ने अनिकेत वरुण के असमय निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया और खेल के माध्यम से उन्हें याद किया।