आज ग्वालियर पुलिस की महिला पुलिसकर्मियों ने संभाली शहर के यातायात की कमान

ग्वालियर। 06.03.2023। आगामी महिला दिवस को दृष्टिगत रखते हुए तथा महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए पुलिस महानिदेशक महोदय म.प्र. द्वारा दिये गये निर्देशों के परिपालन में पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री अमित सांघी,भापुसे के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस की महिला पुलिसकर्मियों ने अति0 पुलिस अधीक्षक शहर (दक्षिण/यातायात) श्री मोती उर रहमान,भापुसे के मार्गदर्शन में शहर के विभिन्न चौराहों की यातायात व्यवस्था की कमान संभाली। पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा राजमाता चौराहा व फूलबाग चौराहा पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाल रही महिला पुलिस कर्मियों की हौसला अफजाई की गई।

पुलिस मुख्यालय भोपाल के द्वारा महिला दिवस के उपलक्ष्य में छह मार्च को प्रदेशभर में महिला पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था संभालने संबंधी आदेश दिए गये थे, इस आदेश के पालन में आज दिनांक 06.03.2023 को ग्वालियर पुलिस की महिला पुलिसकर्मियों द्वारा शहर के व्यस्ततम मार्गों एवं चौराहों पर यातायात व्यवस्था को संभाला गया। इस मौके पर महिला पुलिस कर्मियों के सहयोग हेतु यातायात पुलिस ग्वालियर का बल भी लगाया गया। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर की गई इस पहल के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा भी ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित राजमाता चौराहा एवं फूलबाग चौराहे पर पहुंचकर वहां यातायात व्यवस्था संभाल रही महिला पुलिस कर्मियों की हौसला अफजाई करते हुए उन्हे सम्मान स्वरूप पौधे प्रदान किए तथा यातायात नियमों का पालन कर वाहन चला रही महिलाओं को भी पौधे दिये गये। इस दौरान एसपी ग्वालियर ने कहा कि इस पहल के पीछे पुलिस मुख्यालय का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ाना है। इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक(दक्षिण/यातायात) श्री मोती उर रहमान,भापुसे, अति. पुलिस अधीक्षक शहर(मध्य) श्री ऋषिकेश मीणा,भापुसे, अति. पुलिस अधीक्षक शहर(पूर्व/अपराध) श्री राजेश दंडोतिया, अति. पुलिस अधीक्षक शहर(पश्चिम) श्री गजेन्द्र सिंह वर्धमान एवं सीएसपी लश्कर/डीएसपी अपराध श्री षियाज़ के.एम.,भापुसे के अलावा पुलिस के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे जिनके द्वारा भी यातायात व्यवस्था संभाल रही महिला पुलिस कर्मियों के कार्य की प्रशंसा की।

उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 8 मार्च को विश्व महिला दिवस मनाया जाता है, लेकिन इस वर्ष महिला दिवस के दिन होली का पर्व होने के कारण 6 मार्च को पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस द्वारा यह पहल की गई है। इस दौरान चौराहों व मुख्य मार्गों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों द्वारा यातायात नियमों का पालन कर वाहन चला रही महिलाओं को पौधे प्रदान किए जाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया साथ ही उनसे अपील की गई कि आप अपने परिजनों तथा आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों द्वारा बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चलाने वाले तथा यातायात नियमों का पालन न करने वाले वाहन चालकों को समझाइश दी गई और उनके द्वारा यातायात जागरूकता संबंधी पम्पलेट भी वाहन चालकों को वितरित किए।

विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ग्वालियर के मुख्य मार्गो व चौराहों पर संभाली गई यातायात व्यवस्था के दौरान यातायात पुलिस ग्वालियर के डीएसपी श्री नरेश बाबू अन्नोटिया, श्री विक्रम सिंह कनपुरिया, श्री वैजनाथ प्रजापति सहित ग्वालियर पुलिस के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *