एक किलोमीटर लंबी कलश यात्रा में उमड़े हजारों श्रद्धालु,धर्मध्वनि से गुंजायमान हुआ शहर

ग्वालियर3जून2023। दिव्य ज्योति जाग्रति सेवा संस्थान द्वारा फूलबाग में 4 जून से आयोजित होने जा रही श्रीरामकथामृत से पूर्व शनिवार को सुबह अचलेश्वर महादेव मंदिर से भव्य एवं विशाल कलश यात्रा निकाली गई। एक किलोमीटर लंबी कलशयात्रा में 5001 महिलाएं सिर पर कलश लेकर चलीं। आयोजन अध्यक्ष राजेश सोलंकी सिर पर श्रीरामचरित मानस को सिर पर लेकर पूरे रास्ते हजारों श्रद्धालुओं के साथ पैदल चले। शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर एवं यात्रामार्ग में पेय पदार्थों के स्टॉल लगाकर स्वागत किया।
पीताम्बरी साड़ी पहने सुबह आठ बजे से ही अचलेश्वर महादेव मंदिर पर विदुषी महिलाओं को जुटना शुरू हो गया। अचलेश्वर मंदिर पर कलश पूजन के बाद यात्रा लगभग आरंभ हुई, जिसमें कलशधारी महिलाओं के साथ हजारों की तादाद में पुरूष भी चल रहे थे। कुछ महिलाओं ने तो तपती गर्मी में नंगे पैर चलकर यात्रा पूरी की। बग्घी पर आशुतोष महाराज का चित्र सजाया गया था तथा बैंडबाजों पर निकल रही भजनों की मधुर ध्वनी समूचे वातावरण को धर्ममय बना रही थी। इस मौके पर स्वामी आदित्यानंद, बीज विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, सोनू वाजपेयी, मुरारीलाल मित्तल, महेंद्र सोलंकी, सोनू शिवहरे, फैजल अली काजमी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
सतीश सिकरवार ने किया स्वागत
विधायक सतीश सिकरवार की ओर से कलशयात्रा का इंदरगंज चौराहे पर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान श्रद्धालुओं को ठंडी पानी की बोतल, फ्रू टी, छाछ के पैकिट वितरित किए गए। चेंबर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त अध्यक्ष हेमंत गुप्ता ने सुदर्शन होटल पर कलश यात्रा का शीतल पेय पिलाकर स्वागत किया।
करीब 12 बजे कलश यात्रा फूलबाग पहुंची, जहां सभी श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध बैठकर भंडारा प्रसादी ग्रहण की।
जाम न लगे, इसलिए लगाई रस्सी
यात्रा के दौरान सड़क पर जाम न लगे, इसके लिए दिव्य ज्योति जाग्रति संस्था के स्वयंसेवकों ने रस्सी से कलशयात्रियों को कवर कर रखा था। यात्रा मार्ग में स्वयंसेवक एवं बच्चे लोगों को कथा की पेंपलेट वितरित कर कथा में आमंत्रण दे रहे थे। इस दौरान युवा हाथ में धर्मध्वजा लेकर चल रहे थे।
आज शिव विवाह से शुरू होगी कथा
कथा का आरंभ हर रोज देवी पूजन एवं समापन आरती से होगी। 4 जून को श्रीराम कथा महात्म एवं भगवान शिव पार्वती विवाह के साथ कथा का शुभारंभ होगा। 5 को श्रीराम का प्रकाट्योत्सव एवं बाल लीलाएं, 6 को सीताराम का विवाह, 7 को वनगमन व भरत मिलाप, 8 को बाली वध, सुंदरकांड प्रसंग, 9 को रावण वध एवं 10 को श्रीराम के राज्याभिषेक के साथ कथा विराम होगा।
प्लास्टिक मुक्त रहेगा पांडाल……
कथा की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। 60 हजार वर्गफीट के वातानुकूलित डोम में विदुषी दीपिका भारती 4 से 10 जून तक रामकथा की अमृतवर्षा करेंगी। कथा पांडाल में दो बड़े स्क्रीन लगाए जाएंगे। गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए समूचे पांडाल में विशाल कूलर एवं पंखे लगाए गए हैं। श्रोताओं के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था रहेगी, लेकिन पांडाल पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रहेगा। जो लोग प्लास्टिक बैग में प्रसाद आदि लेकर जाएंगे, स्वयंसेवक पॉलीबैग को डस्टबिन में फेंककर उन्हें कपड़ा का बैग प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *