ग्वालियर में PM आवास योजना के कार्यों को मिली सराहना, भोपाल गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में दिखाई जाएगी झांकी, कई परिवारों के घर का सपना हुआ पूरा-कमिश्नर वैष्णव

ग्वालियर 25जनवरी 2025 – नगर निगम ग्वालियर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों परिवारों के सपनों को साकार किया है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबके लिए घर के सपने को साकार करने की प्रतिबद्धता और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है। भोपाल में 26 जनवरी की परेड में ग्वालियर प्रधानमंत्री आवास योजना मानपुर की प्रदर्शनी दिखाई जा रही है।

नगर निगम आयुक्त श्री अमन वैष्णव ने बताया कि ग्वालियर नगर निगम ने महालगांव पहाड़ी, मानपुर-1, मानपुर-2 और मेहरा सिरोल जैसे क्षेत्रों में 3 हजार 960 आवासों का निर्माण किया है। अब तक 2 हजार 590 परिवार इन आधुनिक घरों में अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर चुके हैं। यह केवल घर नहीं हैं, यह उन परिवारों के लिए एक नया सपना, एक नई उम्मीद हैं।

इन आवासीय परिसरों में आधुनिक सुविधाएं जैसे लिफ्ट, सीवर, पानी की पाइपलाइन, सड़कों का निर्माण, हरे-भरे पार्क और शानदार क्लब हाउस शामिल हैं। ग्वालियर नगर निगम इन सुविधाओं का रखरखाव अगले 12 साल तक सुनिश्चित करेगा।

यह केवल ईंट और गारे से बने घर नहीं हैं, यह समाज के हर वर्ग को जोड़ने की अनूठी पहल है। ग्वालियर नगर निगम ने हर हितग्राही के चेहरे पर मुस्कान लाने का सपना देखा और उसे पूरा किया है। लोग इस प्रकल्प के लिए नगर निगम को धन्यवाद देते थकते नहीं हैं।

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 1200 आवासों का निर्माण किया गया है। इन आवासों की वास्तविक लागत 8 लाख 50 हजार रुपए थी, लेकिन क्रॉस सब्सिडी के तहत लोगों को केवल 2 लाख रुपए में उपलब्ध कराया गया। यह ग्वालियर नगर निगम की समर्पण भावना को दर्शाता है।
इसी के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्वालियर नगर निगम ने बीएलसी घटक में 2 हजार 891 घरों का निर्माण किया है।

इन लाभार्थियों को केंद्र और राज्य सरकार से कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है। अब तक 2325 घर तैयार हो चुके हैं और शेष घर तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।

नगर निगम ग्वालियर की इन उपलब्धियों ने इसे स्कोप पुरस्कार की दौड़ में शामिल कर दिया है। यह न केवल शहर के विकास का प्रतीक है, बल्कि नगर निगम प्रशासन की प्रभावशीलता और जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है।

ग्वालियर नगर निगम ने यह सिद्ध कर दिया है कि जब प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जनता का सहयोग साथ हो तो सपने साकार किए जा सकते हैं। यह पहल ग्वालियर को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *