तानसेन समारोह2022-18 दिसंबर को सजेगी पूर्वरंग “गमक” की संगीत सभा, विख्यात सूफी गायक पद्मश्री हंस राज हंस की होगी प्रस्तुति

ग्वालियर 17 दिसम्बर 2022/ विश्व संगीत समागम “तानसेन समारोह-2022” का आयोजन संगीत की नगरी ग्वालियर में 18 से 23 दिसम्बर तक होगा। तानसेन समारोह की पूर्व संध्या यानि 18 दिसम्बर को सायंकाल 7 बजे इंटक मैदान हजीरा पर पूर्वरंग “गमक” की संगीत सभा सजेगी। “गमक” में विश्व विख्यात पंजाबी लोक संगीत व सूफी गायक व सांसद पद्मश्री हंस राज हंस का सूफियाना गायन होगा। श्री हंस राज हंस बॉलीवुड व पंजाबी फिल्मों में भी कई हिट गीत गा चुके हैं।
विश्व भर में सूफी संगीत का परचम स्थापित करने में पद्मश्री हंस राज हंस का भी बड़ा योगदान है। उनके पंजाबी लोक संगीत, सूफियाना कलाम, भजन एवं गीतों से रविवार 18 दिसम्बर की शाम भक्तिमय और संगीतमय होगी। “गमक” से पहले कला यात्रा निकलेगी। यह कला यात्रा पारंपरिक रूप से किलागेट से शुरू होकर “गमक” आयोजन स्थल इंटक मैदान हजीरा तक पहुँचेगी।
राज्य शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन, नगर निगम व पुलिस के सहयोग से आयोजित हो रहे समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। समारोह में शहर के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, संगीत प्रेमियों एवं पत्रकारगणों को आमंत्रित किया गया है। समारोह पूर्णत: नि:शुल्क है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *