LNIPE ग्वालियर में आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न: छात्राओं ने सीखा स्वयं की सुरक्षा का पाठ

ग्वालियर16अक्टूबर2025। लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान (एल.एन.आई.पी.ई.), ग्वालियर में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जेंडर सेंसिटाइजेशन सेल द्वारा आयोजित दो दिवसीय “आत्मरक्षा पर व्याख्यान एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम” का सफल समापन हो गया। यह उपयोगी कार्यक्रम गत 14 एवं 15 अक्टूबर को आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कौशल प्रदान करना था।

कुलपति प्रो. कल्पना शर्मा के निर्देशन और लिंग सेंसवीकरण प्रकोष्ठ की समन्वयक डॉ. विनीता बाजपेई मिश्रा के कुशल संयोजन में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम बहुद्देशीय हॉल में सायं 5:00 बजे से 6:30 बजे तक आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में श्रीमती माया परमार, स्पोर्ट्स एंड यूथ वेलफेयर डिपार्टमेंट, ग्वालियर, ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में छात्राओं को आत्मरक्षा का गहन प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने आत्मरक्षा के विभिन्न व्यावहारिक और तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत प्रकाश डाला, और छात्राओं को संकट की स्थिति में स्वयं को सुरक्षित रखने के कारगर उपाय सिखाए। प्रशिक्षण गतिविधियों में बी.पी.एड., एम.पी.एड., पी.जी.डी.एस.एस., एम.ए. योग तथा अन्य विभागों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कुलपति प्रो. कल्पना शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि आत्मरक्षा प्रशिक्षण न केवल महिलाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाता है, बल्कि समाज में उनकी सशक्त उपस्थिति को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने छात्राओं से प्राप्त ज्ञान को जीवन में उतारने और अन्य युवतियों को भी जागरूक करने का आग्रह किया।

संस्थान के जनसंपर्क अधिकारी तरुण प्रताप सिंह तोमर ने बताया कि संस्थान प्रशासन ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है और भविष्य में भी ऐसे उपयोगी प्रशिक्षण कार्यक्रमों को जारी रखने की बात कही है। कार्यक्रम के दौरान महिला छात्रावास की मुख्य वार्डन डॉ. आनंदित दास और सभी सहायक वार्डन भी उपस्थित रहीं। यह प्रशिक्षण छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *