राहुल गांधी 3 जून को भोपाल में, संगठन सृजन अभियान के शुभारंभ में होंगे शामिल

भोपाल29मई2025।मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले ने आज एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि आगामी 3 जून 2025 को भोपाल में राहुल गांधी जी की गरिमामयी उपस्थिति में “संगठन सृजन अभियान” का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। यह अभियान मध्यप्रदेश में कांग्रेस संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा, जिसका उद्देश्य पार्टी की जमीनी स्तर पर मजबूती और कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार करना है।

डॉ. संजय कामले ने बताया कि “संगठन सृजन अभियान” कांग्रेस पार्टी के दीर्घकालिक लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में एक रणनीतिक पहल है। यह अभियान न केवल संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करेगा, बल्कि कांग्रेस के सभी स्तरों पर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित करेगा। इस अभियान के माध्यम से पार्टी आगामी चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार होगी और मध्यप्रदेश में जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगी।

कार्यक्रम का विस्तृत विवरण:
इस अभियान के शुभारंभ के अवसर पर दिनांक 3 जून 2025 को भोपाल में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो इस प्रकार हैं:

प्रातः 11:00 से 12:00 बजे:राजनैतिक मामलों की समिति की बैठक (प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल तृतीय तल) इस बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं द्वारा राज्य की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की जाएगी और आगामी रणनीतियों पर विचार-विमर्श होगा।

पूर्वाह्न 12:00 से 12:30 बजे: सांसदों एवं विधायकों के साथ संवाद (प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल प्रथम तल)इस सत्र में सांसदों और विधायकों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

दोपहर 12:30 से 01:30 बजे: आ.मा.कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों एवं नव सृजित प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त प्रभारियों की बैठक (प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, राजीव गांधी सभागार भोपाल में)यह बैठक संगठन के पुनर्गठन और प्रभावी नेतृत्व नियुक्ति पर केंद्रित होगी।

दोपहर 01:30 से 02:30 बजे:विशेष परामर्श और अनौपचारिक चर्चा के लिए रखा गया है।

दोपहर 02:30 से 04:00 बजे: आ.मा.कांग्रेस कमेटी प्रतिनिधि, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्षों का अभिवेशन (रविंद्र भवन सभागार भोपाल)

इस अभिवेशन में संगठन सृजन अभियान की रूपरेखा और कार्ययोजना को विस्तार से साझा किया जाएगा।

अभियान के उद्देश्य और अपेक्षित परिणाम:
डॉ. कामले ने बताया कि यह अभियान कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करेगा। इसके अंतर्गत निम्नलिखित प्रमुख उद्देश्य शामिल हैं:

जमीनी स्तर पर संगठन की मजबूती: ब्लॉक और जिला स्तर पर संगठन को सशक्त बनाना ताकि कार्यकर्ताओं का सीधा संपर्क जनता से हो सके।

नेतृत्व का विकास: युवा और अनुभवी नेताओं को एक मंच पर लाकर नेतृत्व क्षमता का विकास करना।

रणनीतिक संवाद: पार्टी के विभिन्न स्तरों पर संवाद को बढ़ावा देना ताकि सभी इकाइयाँ एकजुट होकर कार्य कर सकें।

जनता की समस्याओं का समाधान: कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को जनता की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाने हेतु प्रेरित करना।

डॉ. संजय कामले ने कहा, “यह अभियान कांग्रेस पार्टी के लिए एक नई शुरुआत है। श्री राहुल गांधी जी का मार्गदर्शन और प्रेरणा हमें मध्यप्रदेश में कांग्रेस को और मजबूत बनाने में मदद करेगा। हमारा लक्ष्य है कि यह अभियान न केवल संगठन को सशक्त करे, बल्कि प्रदेश की जनता के बीच कांग्रेस को उनकी आवाज के रूप में स्थापित करे।

”सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील:
डॉ. कामले ने प्रदेश के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और नेताओं से इस ऐतिहासिक आयोजन में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह अभियान तभी सफल होगा जब पार्टी का प्रत्येक सदस्य इसमें सम्मिलित होगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *