थाना डबरा देहात पुलिस की कार्रवाई: पॉक्सो एक्ट के आरोपी को किया गिरफ्तार

ग्वालियर | 21 जुलाई 2025।थाना डबरा देहात पुलिस ने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म कर फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में की गई।

थाना प्रभारी डबरा देहात सुधाकर सिंह तोमर ने बताया कि फरियादिया, निवासी डबरा, ने 7 जुलाई को दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उसके परिजन गिर्राज जी की परिक्रमा के लिए बाहर गए थे और वह घर में अकेली थी। 9 जुलाई की रात वह अपने घर की गैलरी में सो रही थी, तभी ग्राम महाराजपुर निवासी एक युवक उसके घर में घुस आया। आरोपी ने लड़की का मुंह दबाकर रस्सी से हाथ बांध दिए और दुष्कर्म किया। जाते समय आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया, तो वह उसे जान से मार देगा।

पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना डबरा देहात में प्रकरण क्रमांक 187/25 अंतर्गत धारा 64, 332(बी), 351(3) बीएनएस एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

गिरफ्तारी में पुलिस की तत्परता
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधाकर सिंह तोमर ने एक विशेष टीम गठित की। टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और सूचना के आधार पर उसे महाराजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और उसे विधिसम्मत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक सुधाकर सिंह तोमर, उप निरीक्षक योगेन्द्र सिंह मावई, प्रधान आरक्षक हेमन्त यादव, आरक्षक गुरुवेन्द्र सिकरवार, विकास गौड़ एवं श्याम व्यास की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *