बरेठा टोल पर गोलियां बरसाकर फैलाई थी दहशत: महाराजपुरा पुलिस ने 300 CCTV खंगालने के बाद होटल से पकडे आरोपी,बुलेट और पिस्टल बरामद

ग्वालियर। 25 फरवरी, 2026।ग्वालियर के बरेठा टोल प्लाजा पर टोल कर्मी पर जानलेवा हमला करने वाले दो शातिर बदमाशों को महाराजपुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल, एक 32 बोर की पिस्टल, जिंदा राउंड, हेलमेट और गमछे बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

बूथ के भीतर घुसकर की थी फायरिंग

एसएसपी धर्मवीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 23 फरवरी की शाम बरेठा टोल प्लाजा के बूथ नंबर 07 पर लाइन सुपरवाइजर रोहित कुमार तैनात थे। तभी भिण्ड की ओर से बुलेट पर सवार दो युवक चेहरा ढंककर आए। एक युवक ने रोहित को एक हस्तलिखित पत्र थमाया, जिसमें हाईवे और टोल न चलने देने की धमकी लिखी थी। इसके बाद बदमाश ने पिस्टल निकालकर रोहित पर ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की। रोहित ने कुर्सी से नीचे गिरकर अपनी जान बचाई, जबकि गोलियां कंप्यूटर में जा लगीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

300 सीसीटीवी फुटेज और 3 टीमों की मेहनत लाई रंग

एसएसपी धर्मवीर सिंह और एएसपी (पूर्व) विदिता डागर के निर्देश पर सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने तीन टीमें गठित कीं। पुलिस ने टोल के आसपास के करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 25 फरवरी को सूचना मिली कि आरोपी मुरार क्षेत्र के 7 नंबर चौराहा स्थित एक होटल में छिपे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर अश्वनी भदौरिया (22 वर्ष) निवासी भिण्ड (हाल मुरार) और निखिल चौहान (19 वर्ष) निवासी गाजीपुर (यूपी) को धर दबोचा।

पिता के अपमान का बदला लेने के लिए रचा ‘बदला कांड’

पूछताछ में मुख्य आरोपी अश्वनी भदौरिया ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि एक साल पहले जब वह अपने पिता के साथ यात्रा कर रहा था, तब टोल कर्मियों ने उसके पिता से बदतमीजी की थी। उसी आक्रोश में उसने ‘आकाश भदौरिया’ के नाम से धमकी भरी चिट्ठी लिखी और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस बड़ी कार्यवाही में थाना प्रभारी यशवंत गोयल, बरेठा चौकी प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव, रजनी रघुवंशी, मनोज परमार, विश्वीर जाट, देवेन्द्र लोधी, सत्येंद्र राजावत सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *