क्राइम ब्रांच व जनकगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 2.147 किलो गांजा बरामद, 2 गिरफ्तार

ग्वालियर06अक्टूबर2025। जिले में नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसते हुए क्राइम ब्रांच और जनकगंज थाना पुलिस ने रविवार रात संयुक्त कार्रवाई कर दो तस्करों को पकड़ा है। ये दोनों एक एक्टिवा पर 2.147 किलो अवैध गांजा लेकर घूम रहे थे, जिसे बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों से गांजा, एक्टिवा और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई जा रही है।

पुलिस को रविवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोलपहाड़िया क्षेत्र में दो युवक गांजा लेकर आने वाले हैं। सूचना पर क्राइम ब्रांच और जनकगंज पुलिस ने चौकी गोलपहाड़िया के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद काले रंग की एक्टिवा (एमपी-07-ज़ेडए-7058) पर दो युवक आते दिखे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोका। जांच के दौरान पीछे बैठे युवक के हाथ में रखे प्लास्टिक के कट्टे से गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम राजीव जायसवाल (48 वर्ष) निवासी गोलपहाड़िया तिघरा रोड और सुनील कुशवाह (22 वर्ष) निवासी बामौर, जिला मुरैना (वर्तमान निवासी गोलपहाड़िया) बताए। आरोपियों से बरामद गांजे का वजन 2.147 किलोग्राम निकला।

जनकगंज पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह गांजा कहां से लाते थे और किसे बेचने जा रहे थे।

पुलिस टीम में थाना प्रभारी जनकगंज अतुल सोलंकी, थाना प्रभारी अपराध अमित शर्मा, उपनिरीक्षक मुनेन्द्र सिंह भदौरिया, दिनेश सिंह तोमर, रमाकांत उपाध्याय, विजय सिंह राजपूत, नीलेश भदौरिया समेत क्राइम ब्रांच और जनकगंज थाना का अमला शामिल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *