
सिंधिया ने 10 साल की मोदी सरकार का लेखा-जोखा रखा
ग्वालियर03फरवरी2024। केन्द्रीय नागरिक उडडयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुआई में देश ने एक शक्तिशाली और समृद्धशाली राष्ट्र के रूप में संपूर्ण विश्व में अपनी पहचान स्थापित की हैं। आज देश ने उनके नेतृत्व में हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। हम विश्व की 5वीं बड़ी आर्थिक शक्ति के रूप में उभरे है। सिंधिया ने यह भी कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों में प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों को लेकर हम सब पुनः जनती के बीच जाएंगे।
शनिवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान पत्रकारों से चर्चा में केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के 10 वर्ष के कार्यकाल का लेखा जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने देश में चल रहे विकास कार्यों की लंबी फेहरिस्त गिनाई, वहीं आम आदमी के लिये किये गये कार्यों को भी गिनाया। सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के कार्यों को लेकर पूरे देश में एक सकारात्मक माहौल है। लोगों को विश्वास है कि मोदी सरकार आम आदमी की भलाई के लिये ही कार्य कर रही है। उन्होंने संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण की भी सराहना की और कहा कि राष्ट्रपति का अभिभाषण पूर्व, वर्तमान और भविष्य के भारत को लेकर है। हम कह सकते है कि नये भारत का भविष्य बेहतर व सुखद हैं। मेरा मानना है कि भारत विश्व की पहली तीन आर्थिक शक्ति में शामिल होगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार ही बनेगी।
सिंधिया ने केन्द्र सरकार का समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी की सरकार ने पिछले 10 वर्ष में सर्वांगीण विकास और तीन लक्ष्य के साथ शुरुआत की है। जिसके तहत भारत को आत्मनिर्भर बनाना, विश्व गुरु स्थापित करना और भारत को विकसित देश के रूप में बनाने का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री का सपना एक एक देश के वासी को समृद्ध बनाना और देश की 140 करोड़ जनता को समर्पित भाव से सशक्त बनाना होगा, सरकार का ध्यान चार समुदायों पर केंद्रित है। महिला, युवा, किसान और गरीबों पर फोकस, यही चार समुदाय देश को सक्षम बनाने का काम करेंगे, हमारी नारी शक्ति हमारे देश के संस्कार और संस्कृति में केंद्र बिंदु रही है।
सिंधिया ने कहा कि ऐतिहासिक कदम उठाया है जिसकी कल्पना देशवासी नहीं कर पाते, हमने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया है। महिलाओं को संसद में एक तिहाई स्थान दिया गया है, एविएशन सेक्टर में रोजगार के नए माध्यमों का सृजन करते हुए 15 हजार महिलाओं को ड्रोन का प्रशिक्षण दिया गया है, वहीं किसानों के लिए 11 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत राशि खाते में डाली, वहीं मध्यप्रदेश में किसानों को अतिरिक्त दस हजार रुपए दिए जा रहे हैं आंकड़ों की बात करें तो ये आंकड़े कई देशों की आबादी से ज्यादा हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी लीकेज के बिना पूरी राशि खातों में पहुंच रही है।
कानून व्यवस्था पर चिंता जताई
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर में हाल ही में हुई रेप की घटना पर चिंता जताई और कहा कि इसकी जितनी निंदा की जाये कम है। चूंकि आरोपी पकड़े गये है और अब न्यायपालिका का काम है पीडितों को इंसाफ देना। मुझे विश्वास है कि दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा। पत्रकारवार्ता में उर्जा मंत्री प्रघुम्न सिंह तोमर, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी , कमल माखीजानी, वेदप्रकाश शर्मा, विधायक मोहन सिंह राठौर भी उपस्थित थे।
आडवाणी जी के संघर्ष का सम्मानः सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा के शीर्ष नेता व पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किये जाने पर प्रसन्नता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह उनकी जीवनयात्रा, देश के प्रति किये गये उल्लेखनीय कार्य, सेवा, समर्पण व संघर्ष का सम्मान हैं।
चुनाव तो आते जाते रहते हैंः सिंधिया
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान ग्वालियर से लोकसभा चुनाव लड़ने की संभावना पर सीधा जबाब तो नहीं दिया, पर इतना कहा कि चुनाव तो आते-जाते रहते हैं। पार्टी जहां से भी कहेगी जो भी आदेश देगी वह उसका पालन करेंगेे। सिंधिया ने कहा वह तो पूरे अंचल में पार्टी का काम कर रहे हैं।