ग्वालियर18जनवरी2023। लोकायुक्त की ग्वालियर ईकाई भ्रष्ट और रिश्वतखोरों पर शिकंजा कसने में बीते साल अव्वल रही है लोकायुक्त की कार्यवाही ने पिछले दो साल का रिकार्ड तोड दिया है। ग्वालियर में वर्ष 2022 में लोकायुक्त ने 31 आरोपियों पर कार्यवाही की, उसमें भी रंगे हाथों रिश्वत लेते पकडे गए आरोपियों की संख्या बीते दो साल से ज्यादा रही है। इन 31 आरोपियों में 27 रंगे हाथों रिश्वत लेते, 2 पद के दुरूपयोग और 2 अनुपातहीन संपत्ति के मामले में गिरफ्त में आए हैं।
ग्वालियर लोकायुक्त टीम द्वारा वर्ष 2022 के बडे ट्रेपः
नरवर में 1 लाख रूपए की रिश्वत लेते पंचायत सचिव नरेंद्र सोलंकी रंगे हाथों गिरफ्तार हुआ।
खनियांधाना में तहसीलदार सुधाकर तिवारी 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकडा गया।
शिवपुरी के आदिम जाति कल्याण विभाग का संयोजक राजेश परिहार 80 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकडा गया।
दतिया में सिंचाई विभाग(बांध) का E.E. 35 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकडा गया।
जबकि वर्ष 2021 में आरोपियों की कुल संख्या 30 रही थी जिसमें रिश्वत लेते रंगे हाथों पकडे गए 26, पद के दुरूपयोग में 1 और अनुपातहीन संपत्ति में 3 आरोपियों पर कार्यवाही की गई।
वहीं वर्ष 2020 में लोकायुक्त ने केवल 19 आरोपियों पर कार्यवाही की, जिनमें 10 रिश्वत लेते रंगे हाथों पकडे गए थे 5 पद के दुरूपयोग और 4 अनुपातहीन संपत्ति के मामले में आरोपी बने।
वर्तमान में ग्वालियर लोकायुक्त एसपी रामेश्वर यादव है जो यहां मई 2022 से पदस्थ है इससे पहले यादव एसपी लोकायुक्त सागर थे। अभी भी लोकायुक्त एसपी सागर का चार्ज रामेश्वर यादव के पास ही है। चार्ज के दौरान ही वर्ष 2022 में करीब 35 आरोपियों पर सागर लोकायुक्त ने कार्यवाही की है।
गौरतलब है कि वर्तमान लोकायुक्त एसपी रामेश्वर यादव वर्ष 2019 से एसपी लोकायुक्त सागर के पद पर रहे, तब से अब तक कार्यवाहियों का शतक उनके निर्देशन में पूरा हो चुका है। सागर लोकायुक्त ने वर्ष 2019 में 48, वर्ष 2020 में कोविड के दौरान भी करीब 25 और वर्ष 2021 में 31 आरोपियों पर शिकंजा कसा है।
वर्ष 2022 में सागर लोकायुक्त ने PWD विभाग के AE रिछारिया को ठेकेदार को रोड भुगतान करने के एवज में 2 लाख नगद और 5 लाख का चेक लेते हुए रंगे हाथों पकडा था ये सागर लोकायुक्त इकाई की बीते साल का सबसे बडी कार्यवाही रही।
लोकायुक्त एसपी रामेश्वर यादव के सागर के तीन साल और ग्वालियर के 7 माह का कार्यकाल जोडा जाए तो 135 आरोपी लोकायुक्त के घेरे में उनकी टीम द्वारा लिए गए है।
‘’शासन और माननीय लोकायुक्त महोदय म.प्र. की मंशा के अनुरूप भ्रष्ट और रिश्वतखोर शासकीय सेवकों के खिलाफ कार्यवाही लगातार की जा रही है। आम नागरिक भी पहले से ज्यादा जागरूक हो रहे है। हमारे द्वारा उनकी शिकायतों पर त्वरित और गंभीरता से एक्शन लिया जा रहा है। अगर कोई शासकीय सेवक शासन की सेवाओं का लाभ देने के एवज में अनुचित मांग करता है तो बिना संकोच कोई भी लोकायुक्त कार्यालय में आकर शिकायत दर्ज करा सकता है उसकी पूरी मदद की जाएगी। पद के दुरूपयोग और अनुपातहीन संपत्ति को लेकर भी तथ्यों के साथ की गई शिकायतों की भी पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है। लोग भी आगे आकर ऐसे शासकीय सेवकों के खिलाफ शिकायत कर हमें सहयोग करें।‘’ रामेश्वर यादव, एसपी लोकायुक्त, ग्वालियर