ग्वालियर26अगस्त2025: शहर के दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के खिलाड़ी समर प्रताप यादव को मध्य प्रदेश की प्रतिष्ठित राज्य पुरुष हॉकी अकादमी, भोपाल के लिए चुना गया है। यह जानकारी समर प्रताप के प्रशिक्षक और दर्पण हॉकी फीडर सेंटर के प्रभारी अविनाश भटनागर ने दी।
अविनाश भटनागर ने बताया कि समर प्रताप यादव अब भोपाल स्थित हॉकी अकादमी में ओलंपिक खिलाड़ी समीर दाद जैसे वरिष्ठ प्रशिक्षकों से हॉकी के गुर सीखेंगे। इस चयन के बाद उन्हें खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्य प्रदेश द्वारा हॉकी अकादमी में मिलने वाली सभी सुविधाएं निशुल्क मिलेंगी। इनमें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, आवास, भोजन और शिक्षा की व्यवस्था शामिल है।
प्रशिक्षक भटनागर ने उम्मीद जताई कि समर प्रताप यादव भविष्य में अपने प्रदर्शन से प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। समर प्रताप के इस चयन पर ग्वालियर के कई हॉकी प्रेमियों और खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई दी है, जिनमें हसरत कुरैशी, जोसेफ बाक्सला, विवेक पिसाल, निक्की कौशल, अर्जुन शर्मा और पुष्पेंद्र सिंह प्रमुख हैं।