ग्वालियर। 25 फरवरी, 2026।सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के अंतर्गत आने वाली सीए ग्वालियर ब्रांच और उसकी स्टूडेंट्स विंग सिकासा ग्वालियर ने वर्ष 2025 में अपने उत्कृष्ट कार्यों से क्षेत्रीय स्तर पर सफलता का परचम लहराया है। चित्तौड़गढ़ में आयोजित 21वें वार्षिक समारोह में ग्वालियर टीम को उनकी मेहनत और नवाचार के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में सिकासा ग्वालियर को ‘बेस्ट स्टूडेंट एक्टिविटी ब्रांच’ श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, वहीं ग्वालियर ब्रांच ने ‘सेकंड बेस्ट ब्रांच’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया।
इस बड़ी उपलब्धि पर ग्वालियर ब्रांच के अध्यक्ष मयूर गर्ग, उपाध्यक्ष निधि अग्रवाल, सचिव गगन जैन और कोषाध्यक्ष विवेक कुमार जैन ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने संयुक्त रूप से कहा कि यह सम्मान पूरी टीम के अनुशासन और समर्पण की जीत है, जो भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।
वहीं सिकासा ग्वालियर के अध्यक्ष पंकज शर्मा और एग्जीक्यूटिव मेंबर नगेन्द्र सिंह कुशवाह ने इसे विद्यार्थियों की ऊर्जा और टीमवर्क की साझा सफलता बताया। पंकज शर्मा ने कहा कि सिकासा लगातार ऐसे आयोजन करता रहेगा जिससे छात्रों को अकादमिक ज्ञान के साथ-साथ प्रोफेशनल एक्सपोजर भी मिल सके। इस दौरान सिकासा कमेटी के उपाध्यक्ष आयुष गुप्ता, सचिव वंशिका सहानी और कोषाध्यक्ष नमन अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
ग्वालियर ब्रांच टीम ने इस गौरवशाली क्षण के लिए सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल के चेयरमैन अंकुर कुमार गुप्ता, सेक्रेटरी जयेंद्र कुमार तिवारी, सिकासा चेयरमैन धवल कोठारी और पूरी रीजनल काउंसिल कमेटी का आभार जताया। इस सफलता से पूरे ग्वालियर सीए समुदाय में उत्साह का माहौल है।





