आज लगभग 120 किसानों को उपलब्ध कराया गया रासायनिक खाद
ग्वालियर 05 सितम्बर 2025/ लक्ष्मीगंज मंडी में विपणन संघ द्वारा संचालित डबल लॉक खाद वितरण केन्द्र पर शुक्रवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों को सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से खाद का वितरण कराया गया। इस दिन अपरान्ह तक लगभग 120 किसानों को डीएपी, यूरिया व एनपीके का वितरण किया गया। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने टोकन व्यवस्था लागू कर खाद का वितरण कराया।
ज्ञात हो कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने लक्ष्मीगंज मंडी में विपणन संघ द्वारा संचालित डबल लॉक खाद वितरण केन्द्र पर जिला प्रशासन के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। उन्होंने संयुक्त कलेक्टर श्री अनिल बनवारिया को हर दिन प्रात: 9 बजे से दोपहर एक बजे तक, प्रभारी डिप्टी कलेक्टर श्री अनिल राघव को दोपहर एक बजे से सायंकाल 6 बजे तक एवं नायब तहसीलदार श्री रत्नेश शर्मा को प्रतिदिन प्रात: 9 बजे से सायंकाल 6 बजे तक लक्ष्मीगंज मंडी खाद वितरण केन्द्र पर उपस्थित रहकर खाद वितरण कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।
इस केन्द्र पर किसानों के पीओएस मशीन पर फिंगर प्रिंट लेकर भुगतान करने के लिये अलग-अलग काउण्टर बनाए गए हैं। ऋण पुस्तिका में उल्लेखित भूमि रकबे एवं आधारकार्ड देखकर ही किसानों को खाद वितरित किया जा रहा है। इससे पात्र किसानों को ही खाद वितरण सुनिश्चित हुआ है। खाद वितरण में “पहले आओ-पहले पाओ” के सिद्धांत का पालन किया जा रहा है। साथ ही जिस दिन का टोकन है, उसी दिन खाद वितरण भी किया जा रहा है।