ग्वालियर20फरवरी2026। नगर निगम सीमा क्षेत्र के अंतर्गत अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध निगम प्रशासन ने अपना अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय और अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव के कड़े निर्देशों के बाद सिटी प्लानर महेंद्र अग्रवाल के मार्गदर्शन में अवैध निर्माणों को ढहाने की प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी है।
भवन अधिकारी पवन शर्मा के कुशल नेतृत्व और सटीक रणनीति के चलते ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा के वार्ड क्रमांक 65 के अंतर्गत ग्राम गिरवाई में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। यहाँ सर्वे क्रमांक 1279/1 की लगभग 1.34 हेक्टेयर भूमि पर महेश कुशवाह द्वारा बिना किसी अनुमति के अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। भवन अधिकारी पवन शर्मा की मुस्तैदी के कारण, प्रशासन ने समय रहते सड़क, सीवर लाइन, बाउंड्रीवॉल और बिजली के पोल जैसे अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
प्रथम चरण में चिन्हित की गई 58 अवैध कॉलोनियों की सूची में शामिल इस भूमि पर हुई कार्रवाई में पवन शर्मा की भूमिका सराहनीय रही। उनके नेतृत्व में निगम अमले ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नगर तथा ग्राम निवेश और निगम की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का विकास कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान भवन निरीक्षक संजीव झा, मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र सिंह चौहान और पुलिस बल की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और प्रभावी ढंग से संपन्न हुई।





