वालियर27 सितम्बर2025।नवरात्रों के पावन पर्व पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर दिए गए बयान पर कांग्रेस हमलावर हो गई है। ग्वालियर की महापौर शोभा सिकरवार ने पत्रकार वार्ता में कहा कि विजयवर्गीय ने बहन-भाई के पवित्र रिश्ते पर जो अमर्यादित टिप्पणी की है, वह न केवल महिलाओं का अपमान है बल्कि भारतीय संस्कृति को कलंकित करने वाली है।
महिला कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं पर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार केवल बयानों में ही संवेदनशील दिखती है।
- बलात्कार के मामले: 2020 में 6,134, जबकि 2024 में बढ़कर 7,294 (19% वृद्धि)।
- रोज़ाना अपराध: प्रतिदिन औसतन 20 बलात्कार और 33 अपहरण।
- SC/ST महिलाएँ: 2022–24 के बीच 7,418 बलात्कार, 338 गैंगरेप।
- सज़ा दर: SC वर्ग में 23%, ST वर्ग में 22%, पिछड़े वर्ग में 21% और सामान्य वर्ग में सिर्फ 18%।
- लापता मामले: जनवरी 2024 से जून 2025 तक 21,175 महिलाएँ और नाबालिग लड़कियाँ लापता, इसी अवधि में 10,840 बलात्कार दर्ज।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आँकड़े साबित करते हैं कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा की हालत चिंताजनक है, और मंत्री जैसे जिम्मेदार पद पर बैठे लोग जब इस तरह के बयान देंगे तो अपराधियों को ही प्रोत्साहन मिलेगा।
महापौर शोभा सिकरवार ने साफ कहा कि अगर बीजेपी सरकार महिलाओं की इज़्ज़त नहीं बचा सकती तो महिला कांग्रेस नवरात्रि की शक्ति से प्रेरित होकर सड़क से संसद तक आंदोलन करेगी।
पत्रकार वार्ता में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा और राम पांडे उपस्थित रहे।