
ग्वालियर02फरवरी2024। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय, ग्वालियर में कल 03 फरवरी को अखिल भारतीय किसान मेला एवं अंतराष्ट्रीय कृषि तकनीकी प्रदर्शनी-2024 का उद्घाटन समारोह प्रातः 11 बजे से विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अध्यक्ष, भारतीय किसान संघ श्री बद्रीनारायण चौधरी, कृषि उत्पादन आयुक्त किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग श्री एस.एन. मिश्रा, कृषि आयुक्त किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग श्री एम. सेलवेन्द्रन, कुलपति रानी लक्ष्मीबाई केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी डॉ. अशोक कुमार सिंह, आयुक्त ग्वालियर एवं चंबल संभाग, म.प्र. श्री दीपक सिंह एवं जिलाधीश, ग्वालियर श्री अक्षय कुमार सिंह रहेंगे।
कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अरविन्द कुमार शुक्ला ने कार्यक्र म की जानकारी देते हुये बताया कि यह किसान मेला किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग, म.प्र. शासन, फार्मटेक एशिया तथा कृषि विश्वविद्यालय की सहभागीदारी से लगाया जा रहा है। इस मेले में 16 राज्यों से आये हुए कृषक उत्पादक संगठन, स्वयंसहायता समूह, कम्पनियांे एवं अन्य किसान हितग्राही संस्थाओं के द्वारा 200 तकनीकों का प्रदर्शन किया जायेगा। यहां तकनीकों के साथ कई प्रकार के बीजों को उपलब्ध कराया जायेगा, इसमें वह प्रजातियां शामिल होगी जो बाजार में कम उपलब्ध होती है।
साथ ही छोटे-छोटे कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, विश्वविद्यालय द्वारा उत्पादित मिलेट्स उत्पाद, प्राकृतिक खेती, ऑर्गनिक फार्मिंग, कृषि संरक्षण, ड्रोन तकनीक का सजीव प्रसारण, खाद्यान्न प्रसंस्करण आदि विषयों को भी इस प्रदर्शनी में शामिल किया गया है। इस किसान मेले में शहरवासियों हेतु पेट्स प्रतियोगिता, फ्लाँवर शो, वेजिटेबल प्रतियोगिता आदि भी आयोजित की जा रही है। इस प्रदर्शनी में भाग लेकर किसान अपनी खेती को अधिक सुलभ व लाभकारी बनाने तथा व्यवसाय के रूप में विकसित करने हेतु जानकारी पा सकेंगे।