राज्यपाल मंगूभाई पटेल की अध्यक्षता में होगा जीवाजी विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह, मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तय, कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने किया मल्टी आर्ट परिसर का निरीक्षण

ग्वालियर, 14 नवंबर 2026 जीवाजी विश्वविद्यालय में 16 नवंबर को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह की तैयारियों को शनिवार को हुई समीक्षा बैठक के दौरान अंतिम रूप दिया गया। कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने समारोह की मिनट-टू-मिनट रूपरेखा की विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विश्वविद्यालय के इस महत्वपूर्ण आयोजन में व्यवस्थाओं को लेकर किसी भी स्तर पर कोई चूक नहीं होनी चाहिए। बैठक में समारोह के मुख्य समन्वयक प्रो. डी.एन. गोस्वामी ने अब तक की गई तैयारियों की जानकारी दी, वहीं कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा ने सभी अधिकारियों और समितियों को पूरी गंभीरता व जिम्मेदारी के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

वीआईपी और अन्य अतिथियों के लिए अलग प्रवेश द्वार

समारोह में अतिथियों और प्रतिभागियों की सुविधा तथा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ प्रवेश द्वार और पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार वीआईपी अतिथियों का प्रवेश राजमाता चौराहा गेट से होगा, जबकि अन्य सभी अतिथि, विद्यार्थी एवं संबंधित लोगों को गोविंदपुरी गेट से प्रवेश दिया जाएगा। कुलगुरु ने निर्देश दिए कि अव्यवस्था और असुविधा से बचने के लिए सभी लोग निर्धारित प्रवेश द्वार का ही उपयोग करें।

15 नवंबर को सुबह 11 बजे होगी फाइनल रिहर्सल

दीक्षांत समारोह की फाइनल रिहर्सल 15 नवंबर को सुबह 11 बजे मल्टी आर्ट परिसर में आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी डीन, कार्यपरिषद सदस्य, समितियों के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी शामिल होंगे। रिहर्सल के दौरान मंच व्यवस्था, शोभायात्रा, अतिथियों के आगमन, बैठने की व्यवस्था और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का अभ्यास किया जाएगा। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति एवं राज्यपाल मंगूभाई पटेल करेंगे। समारोह में मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष डॉ. अवधेश प्रताप सिंह होंगे, जबकि दीक्षांत भाषण सरदार पटेल पुलिस, सुरक्षा और दांडिक न्याय विश्वविद्यालय जोधपुर के कुलगुरु डॉ. आलोक त्रिपाठी (आईपीएस) देंगे। इसके अतिरिक्त पूर्व उच्चायुक्त प्रो. आई.एस. चौहान सारस्वत अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मल्टी आर्ट परिसर और पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण

समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों का आगमन 15 नवंबर से प्रारंभ हो जाएगा। समीक्षा बैठक के बाद कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत, कुलसचिव डॉ. राजीव मिश्रा, मुख्य समन्वयक प्रो. डी.एन. गोस्वामी, प्रॉक्टर प्रो. एस.के. सिंह एवं सहायक कुलसचिव सहित अन्य अधिकारियों ने मल्टी आर्ट परिसर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कुलगुरु ने विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए निर्धारित समय पर मल्टी आर्ट परिसर में अपने स्थान पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

समीक्षा बैठक में इनकी रही उपस्थिति

समीक्षा बैठक के दौरान प्रो. विवेक बापट, प्रो. जे.एन. गौतम, प्रो. समीर भाग्यवंत, प्रो. एस.एन. महापात्रा, प्रो. राजेंद्र खटीक, वित्त नियंत्रक महक सिंह, प्रो. शांतिदेव सिसोदिया, प्रो. संजय कुलश्रेष्ठ, प्रो. मुकुल तेलंग, परीक्षा नियंत्रक प्रो. आशा कुमारी, डॉ. नवनीत गरुण, डॉ. स्वर्णा परमार, डॉ. निमिषा जादौन, डॉ. सपन पटेल, सहायक कुलसचिव कुलदीप चौहान और अमित सिसोदिया सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *